मालाड: घर की सफाई करने आए तीन कर्मचारी 12 लाख के गहनों की चोरी के आरोप में गिरफ्तार
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
मालाड पुलिस ने तकनीकी जांच के सहारे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और पुलिस के मुताबिक चोरी गया पूरा माल बरामद हो गया है।
मालाड पश्चिम में रहने वाली 52 साल की एक महिला को दिवाली की सफाई के लिए ऑनलाइन ऐप से होम क्लीनिंग सर्विस बुक करना भारी पड़ गया। घर की सफाई के लिए आए कर्मचारियों पर उनके घर से सोने-चांदी के गहने उड़ाने का आरोप है। मालाड पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए कुछ ही दिनों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया गया है।
महिला ने दिवाली के मौके पर घर की सफाई के लिए 'होम ट्रैंगल' नाम के ऑनलाइन ऐप से यह सर्विस बुक की थी। सर्विस के तहत चार कर्मचारी उनके घर सफाई करने पहुंचे थे। काम खत्म करके वे चले गए। अगले दिन महिला ने बेडरूम की अलमारी में रखे गहने देखे तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
अलमारी से 50 ग्राम का सोने का नेकलेस, 10 ग्राम का मंगलसूत्र, सोने का बिस्किट और 500 ग्राम की चांदी की ईंट गायब थी। इस सब की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है। घबराई महिला फौरन मालाड पुलिस स्टेशन पहुंचीं और अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी की शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के बाद मालाड पुलिस की टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर सफाई के लिए आए कर्मचारियों की जानकारी जुटाई। जांच में पुलिस को पता चला कि संबंधित आरोपी बार-बार अपने मोबाइल फोन बंद कर देते थे और अलग-अलग जगह छिपते फिर रहे थे। इससे पुलिस का शक और गहरा गया।
मालाड पुलिस स्टेशन के पुलिस उपनिरीक्षक अमर शिंदे और अपराध प्रकटीकरण दल ने नालासोपारा, वसई और पालघर इलाके से दो आरोपियों को हिरासत में लिया। मुख्य आरोपी को बोईसर से पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक गहरी पूछताछ में सामने आया कि सत्यम राजेश शुक्ला (26), अनिश ब्रिजभूषण चौरसिया (18) और पवन ओमप्रकाश धीवर उर्फ राहुल गौड़ (26) ने मिलकर चोरी की साजिश रची थी।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से चोरी गया 100 प्रतिशत माल बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। इस मामले में मालाड पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।