महज 10 साल की उम्र में SAT में 1600 में से 1590 नंबर, 13 साल का लड़का अब करेगा मास्टर्स
अमेरिका के लॉन्ग आइलैंड में रहने वाले 13 साल के जो पेट्रारो-हायपोलाइट की पढ़ाई की रफ्तार सुनकर लोग हैरान रह जाते हैं। जिस उम्र में ज्यादातर बच्चे सेकेंडरी स्कूल में होते हैं, उस उम्र में जो अब मास्टर्स की तैयारी में जुट गया है। न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी के पोस्ट-ग्रेजुएट कोर्स में उसे एडमिशन मिल चुका है, और वह 2027 में यह कोर्स शुरू करेगा।
जो की खासियत यह है कि उसने महज 10 साल की उम्र में अमेरिका की सबसे अहम एंट्रेंस एग्जाम में से एक, SAT, में 1590 नंबर हासिल किए थे। इस एग्जाम में कुल 1600 नंबर होते हैं, यानी जो पूरे नंबर के बेहद करीब पहुंच गया था।
जो की मां ऐन पेट्रारो-हायपोलाइट का कहना है कि उनके बेटे का यह सफर वाकई असाधारण रहा है। दिलचस्प बात यह है कि जो को पहले स्पेशल एजुकेशन क्लास में रखा गया था, लेकिन आज वह अपनी उम्र के बाकी बच्चों से कई कदम आगे निकल चुका है। पढ़ाई के साथ-साथ जो लॉन्ग आइलैंड के एक ओल्ड एज होम में वॉलंटियर का काम भी करता है। आगे चलकर वह पेलियोंटोलॉजिस्ट यानी जीवाश्मशास्त्री बनना चाहता है। अगर पोस्ट-ग्रेजुएशन पूरी हो जाती है, तो जिस उम्र में आमतौर पर किशोर बच्चों को ड्राइविंग लाइसेंस मिलता है, करीब उसी उम्र में जो के पास मास्टर्स की डिग्री होगी।
ग्रेजुएशन के बाद जो न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में स्पोर्ट्स मैनेजमेंट के पोस्ट-ग्रेजुएट कोर्स में एडमिशन लेगा। उसकी पढ़ाई में फिजियोलॉजी और बायोलॉजी विषय भी शामिल हैं। इतनी कम उम्र में मास्टर्स करने वाले स्टूडेंट्स में जो का नाम जरूर अलग रहेगा।
अपनी समझदारी के बारे में बात करते हुए जो ने बताया कि उसका IQ 168 है। हालांकि उसने यह भी साफ किया कि उसे सब कुछ आसानी से नहीं आता। उसका कहना है कि उसे कोई भी चीज एक-दो बार सीखनी पड़ती है, उसके बाद वह उसे याद रह जाती है। इसके बाद महज 11 साल की उम्र में उसने सेकेंडरी स्कूल की पढ़ाई पूरी कर ली थी। इसके बाद उसने लुइसियाना स्टेट यूनिवर्सिटी में हायर एजुकेशन शुरू की और फिलहाल वह अपनी ग्रेजुएशन पूरी कर रहा है। उसकी डिग्री मई 2027 में पूरी होने की उम्मीद है।