महाअष्टमी पर भवानी माता मंदिर में महिला चोरों का धावा!
दर्शन करने पहुंचीं श्रद्धालुओं के गले से सोने के गहने गायब; चार महिलाओं को बनाया निशाना, भीड़ के बीच चोरनियों की करतूत से हड़कंप
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
नागपुर.
महाअष्टमी पर पारडी के भवानी माता के दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच महिला चोरों ने जमकर हाथ साफ किया. मंदिर में दर्शन करने पहुंचीं महिला श्रद्धालुओं को निशाना बनाकर उनके सोने के गहने चोरी कर लिए गए. भीड़ और धक्का-मुक्की के बीच महिलाओं को वारदात का पता तक नहीं चला. घर लौटने के दौरान जब मंगलसूत्र की चेन टूटी मिली, तब चोरी का खुलासा हुआ. एक के बाद एक चार महिलाओं के गहने चोरी होने की शिकायत सामने आने से पारडी इलाके में हड़कंप मच गया.
घटना 19 अक्टूबर को महाअष्टमी होने से पारडी स्थित भवानी माता मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा था. रात तक मंदिर परिसर में भारी भीड़ बनी हुई थी. इसी भीड़ का फायदा उठाकर महिला चोरों ने श्रद्धालुओं के गहनों को निशाना बनाया. नवकन्या नगर निवासी सारिका अशोक फुंडे भवानी माता के दर्शन करके रात करीब 10 बजे पैदल घर लौट रही थीं. इसी दौरान उन्हें गले में मंगलसूत्र की चेन टूटी हुई दिखाई दी. मंगलसूत्र का आधा हिस्सा गायब था. यह देखकर उनके होश उड़ गए. वह शिकायत दर्ज कराने पारडी थाने पहुंची. सारिका की शिकायत के दौरान ही लक्ष्मी सचिन गंगाभोईर, भारती जितेंद्र साहू और संतोषी रोहित निर्मलकर भी थाने पहुंची. इन महिलाओं ने भी अपने गहने चोरी होने की शिकायत की. महाअष्टमी जैसे बड़े धार्मिक आयोजन में चार महिलाओं के गहने चोरी होने से श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं. महिलाओं की शिकायत पर पारडी पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज किया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात को किसने अंजाम दिया और क्या इन घटनाओं के पीछे किसी संगठित महिला चोर गिरोह का हाथ है. वह सीसीटीवी फुटेज सी आरोपी का पता लगा रही है.
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।