कालीघाट में ममता बनर्जी के पास पहुंची महिला, TMC का चाकू होने का दावा; पुलिस जांच में जुटी
मंगलवार शाम दुर्गापूजा पंडाल के उद्घाटन के लिए जा रहीं ममता बनर्जी की सुरक्षा में चूक का आरोप तृणमूल कांग्रेस ने लगाया है। पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी की सुरक्षा में बड़ी चूक का आरोप लगा है। मामला मंगलवार को कोलकाता के कालीघाट इलाके का है। तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि दुर्गापूजा पंडाल के उद्घाटन के लिए जा रहीं ममता बनर्जी के पास एक महिला आक्रामक तरीके से पहुंचने की कोशिश कर रही थी। पार्टी के नेताओं का दावा है कि उस महिला के हाथ में चाकू था। इस घटना में ममता बनर्जी को कोई चोट नहीं आई।
मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम करीब छह बजे ममता बनर्जी कालीघाट में अपने घर के पास से मिलन संघ के दुर्गापूजा पंडाल का उद्घाटन करने जा रही थीं। तभी एक महिला अचानक उनके सुरक्षा घेरे के पास आ गई। तृणमूल की शिकायत में दावा किया गया है कि महिला ने ममता बनर्जी को 'पिशी' यानी बुआ कहकर पुकारा और उनके पास जाने की कोशिश की।
तृणमूल कांग्रेस की सांसद डोला सेन ने कालीघाट पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक महिला कथित तौर पर नशे की हालत में थी और गाली-गलौज करते हुए ममता बनर्जी के पास जाने की कोशिश कर रही थी। शिकायत में यह भी दावा है कि बाद में पता चला कि उसके पास चाकू था। तृणमूल कार्यकर्ताओं ने महिला को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
हालांकि पुलिस ने अभी तक महिला के पास चाकू होने के दावे की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि ममता बनर्जी जब घर से बाहर निकल रही थीं, तब महिला उन तक पहुंच गई और दोनों के बीच बहस हुई। इसके बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया। घटना के वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
ममता बनर्जी को जेड-प्लस सुरक्षा मिली हुई है। इसके बावजूद एक महिला के उनके सुरक्षा घेरे तक पहुंच जाने से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे हैं। तृणमूल कांग्रेस ने मामले की गहराई से जांच की मांग की है। पार्टी के नेताओं ने यह भी जांच करने को कहा है कि कहीं यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा तो नहीं।
इस बीच पुलिस हिरासत में ली गई महिला से पूछताछ कर रही है। जांच में यह देखा जा रहा है कि उसके ऐसे बर्ताव की असली वजह क्या थी, वह ममता बनर्जी तक कैसे पहुंची और क्या सच में उसके पास चाकू था। घटना की तस्वीरें और वीडियो भी पुलिस को सौंपे गए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही हमले की कोशिश को लेकर साफ तस्वीर सामने आएगी।