जिंदा जलाने का प्रयास करनेवालों पर लगा मकोका
नागपुर. सदर पुलिस ने युवक को जिंदा जलाकर जान से मारने की कोशिश करनेवाले पांच अपराधियों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून (मकोका) के तहत कार्रवाई की है. पुलिस के अनुसार आरोपी संगठित गिरोह के सदस्य हैं और इनके खिलाफ नागपुर शहर में हामला प्रयास, मारपीट, अवैध हथियार रखने सहित कई मामले दर्ज हैं. ताजा मामला जून 2026 का है. पुलिस के अनुसार आरोपी शकील खान (40), सुजल जोरोफ पॉल (20), साजिद शेख (26), सलीम खान (40) और राजा खान (30), सभी निवासी गोवा कॉलोनी, संतोषी माता मंदिर के पास, सदर ने गैरकानूनी रूप से एकत्र होकर लक्की नरेश दासर (24) पर हमला किया. हत्या के इरादे से लक्की को डंडे और चाकू से वार करके जिंदा जलाने का प्रयास किया था. इस मामले में सदर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 189(2), 189(4), 296, 115(2) तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया था. जांच में पुलिस को आरोपियों का संगठित गिरोह होने का पता चला. उनके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज है. इसके आधार पर मकोका के तहत कार्रवाई की गई है.