Instamart का Yulu-Yuma Energy से करार, डिलिवरी पार्टनर्स को मिलेगी बैटरी स्वैपिंग की सुविधा
क्विक कॉमर्स कंपनी Instamart ने अपने डिलिवरी पार्टनर्स की EV चार्जिंग परेशानी कम करने के लिए Yulu और Yuma Energy के साथ हाथ मिलाया है।
क्विक कॉमर्स क्षेत्र की बड़ी कंपनी Instamart ने लास्ट-माइल डिलिवरी को तेज और आसान बनाने के लिए इलेक्ट्रिक मोबिलिटी पर बड़ा दांव खेला है। कंपनी ने अपने डिलिवरी पार्टनर्स को बैटरी स्वैपिंग की सुविधा उनके करीब पहुंचाने के लिए Yulu और Yuma Energy के साथ पार्टनरशिप की है। इस पहल से इलेक्ट्रिक दुचकिया चलाने वाले राइडर्स का चार्जिंग में लगने वाला समय कम होने की उम्मीद है।
कंपनी का जोर EV इस्तेमाल करने की शुरुआती लागत और चार्जिंग की वजह से होने वाले डाउनटाइम को कम करने पर भी है। लास्ट-माइल डिलिवरी में EV का इस्तेमाल बढ़ाने के लिए गाड़ियों की उपलब्धता और एनर्जी सुविधा, दोनों ही अहम मानी जा रही हैं।
Instamart और Yuma Energy की पार्टनरशिप के तहत कंपनी अपने PODs, यानी डार्क स्टोर्स में Yuma के बैटरी स्वैपिंग स्टेशन के लिए जगह दे रही है। इस सुविधा का पहला स्टेशन इसी महीने की शुरुआत में Instamart के एक POD पर शुरू किया गया। Yuma Energy फिलहाल 2,000 से ज्यादा बैटरी स्वैपिंग यूनिट चला रही है।
एक बैटरी स्वैप करने में दो मिनट से भी कम वक्त लगता है। इससे दिनभर में लंबी दूरी तय करने वाले डिलिवरी पार्टनर्स को चार्जिंग के लिए ज्यादा देर रुकने की जरूरत कम हो सकती है। PODs के पास ही स्वैपिंग स्टेशन मिलने से रोजाना सफर और इंतजार के समय में 60 मिनट तक की बचत हो सकती है।
Instamart ने Yulu के साथ भी करार किया है, जिसके तहत Yulu की इलेक्ट्रिक दुचकिया इस्तेमाल करने वाले डिलिवरी पार्टनर्स को रेंटल कैशबैक इंसेंटिव दिया जा रहा है। इसका मकसद EV की तरफ शिफ्ट होते वक्त शुरुआती आर्थिक बोझ कम करना और पेट्रोल के बढ़ते खर्च का असर घटाना है। मई 2026 में शुरू हुए इस कार्यक्रम से अब तक हजारों डिलिवरी पार्टनर्स को फायदा मिल चुका है। कंपनी के मुताबिक, इसमें शामिल पार्टनर्स के रेंटल खर्च में 30 फीसदी तक की कमी आई है।
Instamart, Swiggy के साथ मिलकर देशभर में 50 से ज्यादा EV पार्टनर्स के साथ काम कर रही है, ताकि डिलिवरी पार्टनर्स को इलेक्ट्रिक वाहनों का आसान विकल्प मिल सके। Yulu से गाड़ियों की उपलब्धता और Yuma Energy से बैटरी स्वैपिंग की सुविधा मिलने से EV के इस्तेमाल में आने वाली दो बड़ी अड़चनें कम करने की कोशिश की जा रही है। गाड़ी की लागत, बैटरी की उपलब्धता और चार्जिंग का समय, इन तीनों को साथ लेकर लास्ट-माइल डिलिवरी में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का इस्तेमाल बढ़ाने की Instamart की योजना है।