हत्या के गवाह को 'खत्म' करने का प्रयास
दिलीप साहू हत्याकांड में गवाही देने की खुन्नस में खूनी हमला, जमानत पर छूटे आरोपियों की गुंडागर्दी, बीच-बचाव करने वालों को भी जान से मारने की धमकी
नागपुर.
हत्या के मामले में गवाही देने की कीमत एक युवक को अपनी जान दांव पर लगाकर चुकानी पड़ रही है. बेलतरोडी की दिलीप साहू हत्याकांड में गवाह बने 27 वर्षीय लाल सिंह पटेल पर लाठी और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया गया है. लाल सिंह को बचाने पहुंचे परिजनों और बस्ती के लोगों को भी तलवारें लहराकर जान से मारने की धमकी दी गई. वारदात के बाद बेलतरोड़ी थाने के कैकाड़ी नगर झोपड़पट्टी परिसर में भय का माहौल है. पुलिस ने आरोपी ओमप्रकाश किशोर पापड़े (22 पियूष सुंदर लिल्हारे (22), आकाश सुखदेव लिल्हारे (24), गजानन दामलाल सूर्यवंशी (27) और संजय रामविलास वर्मा (23) को गिरफ्तार करके हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है.
दो साल पहले कैकाड़ी नगर झोपड़पट्टी में दिलीप साहू की हत्या हुई थी. इस हत्याकांड में लाल सिंह पटेल गवाह है, जबकि आरोपी ओमप्रकाश, पियूष और आकाश आरोपी हैं. गिरफ्तारी के बाद से तीनों जेल में थे. वह करीब छह महीने पहले जमानत पर बाहर आए है. जेल से बाहर आने के बाद से ही लाल सिंह को निशाना बनाया जा रहा था. आरोपी लाल सिंह को गालियां देकर जान से मारने की धमकी देते थे. 19 अक्टूबर की रात आरोपी लाल सिंह के घर पहुंचे. वह लाल सिंह को गालियां देने लगे. लाल सिंह ने विरोध किया तो आरोपी हिंसक हो गए. उन्होंने लाठी और धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले में लाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया.
बचाने दौड़े परिजनों पर भी तलवारें तानीं
लाल सिंह पर हमला होते देखकर उसके माता-पिता, भाई और बस्ती के लोग मदद के लिए दौड़े. लेकिन आरोपियों ने उन्हें भी नहीं बख्शा. हमलावर हवा में तलवारें लहराने लगे और बीच में आने वालों को जान से मारने की धमकी देने लगे. हथियारों के खुले प्रदर्शन से लोग सहम गए और आरोपी धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए. घायल लाल सिंह को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मेडिकल अस्पताल में उसका उपचार जारी है।
अपराधियों के हौसले बुलंद, पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
हत्या के मामले में गवाही देने वाले युवक पर इस तरह हमला होने से गवाहों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं. अपराधियों में कानून का डर कम होता दिखाई दे रहा है. बस्ती में हथियार लहराकर धमकाने की इस घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. बेलतरोड़ी पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है. अब पुलिस के सामने आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने और गवाह की सुरक्षा सुनिश्चित करने की चुनौती है.
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।