दिल्ली: सड़क पर धक्का लगने से बढ़ा झगड़ा, चाकू हमले में दो नाबालिगों समेत तीन हिरासत में
आनंद पर्वत इलाके में हुई हत्या का पुलिस ने सिर्फ सात घंटे में पर्दाफाश किया, CCTV फुटेज और तकनीकी जांच से मिली आरोपियों की पहचान।
दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में हुई एक हत्या की गुत्थी पुलिस ने महज सात घंटे के अंदर सुलझा ली है। इस मामले में 19 साल के एक युवक के साथ 17 और 15 साल के दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
घटना 22 सितंबर की रात करीब साढ़े आठ बजे की है। पुलिस को PCR कॉल पर सूचना मिली कि आनंद पर्वत इलाके में किसी शख्स पर चाकू से हमला हुआ है। पुलिस की टीम सिंह रोड की गली नंबर 16 पहुंची, जहां 17 साल का एक लड़का घायल हालत में मिला। उसे तुरंत जीवनमाला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की गंभीरता देखते हुए SHO इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र की देखरेख और ACP पटेल नगर सुनील कुमार के मार्गदर्शन में एक स्पेशल टीम बनाई गई। इस टीम में जांच अधिकारी इंस्पेक्टर रणवीर सिंह, SI दीपांशु, हेड कॉन्स्टेबल शरवन, हेड कॉन्स्टेबल हरीश और कॉन्स्टेबल सुरेश, राजेश व गिरधारी शामिल थे। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। CCTV फुटेज, तकनीकी निगरानी और लोकल जानकारी की मदद से पुलिस ने हमले में शामिल तीनों की पहचान कर ली। इसके बाद आनंद पर्वत इलाके से ही तीनों को पकड़ लिया गया।
पुलिस के मुताबिक गली नंबर 16 से गुजरते वक्त आरोपियों की टक्कर पीड़ित लड़के से हो गई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। यह बहस इतनी बढ़ गई कि आरोप है कि तीनों ने मिलकर पीड़ित पर चाकू से हमला कर दिया।
हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान आनंद पर्वत इलाके के रहने वाले तुषार (19) और 17 व 15 साल के दो नाबालिगों के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में इन्होंने बताया कि बहस के बाद उन्होंने चाकू से हमला किया था। इन्हीं की निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल हुआ चाकू बरामद किया गया।
सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के DCP रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि पुलिस की तुरंत कार्रवाई और तकनीकी जांच की मदद से इस हत्या का खुलासा सिर्फ सात घंटे में हो सका। मामले की आगे की जांच जारी है।