दिल्ली में एचआर प्रोफेशनल की हत्या, पांच दिन बाद खुलासा, पूर्व सहकर्मी और साथी गिरफ्तार
लग्न की खरीदारी के बहाने घर से निकला युवक गुरुग्राम मीटिंग के नाम पर लापता हो गया था, पांच दिन बाद पुलिस ने हत्या का खुलासा किया।
दिल्ली से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां लग्न की खरीदारी के लिए घर से निकले 31 साल के एचआर प्रोफेशनल की कथित हत्या कर दी गई। मरने वाले युवक का नाम युवराज सिंह मनचंदा बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक इस हत्या के पीछे आर्थिक विवाद की वजह हो सकती है।
पुलिस की जानकारी के अनुसार, युवराज 6 सितंबर को दिल्ली के लाजपत नगर स्थित सेंट्रल मार्केट में अपनी बहन के साथ लग्न की खरीदारी के लिए गया था। वहां से निकलते वक्त उसने बहन को बताया कि उसकी गुरुग्राम में एक मीटिंग है और वह रात 10 बजे तक घर लौट आएगा। लेकिन युवराज रात 10 बजे तक घर नहीं पहुंचा। उसका मोबाइल भी बंद हो गया, जिसके बाद परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। पांच दिन तक उसका कोई पता नहीं चला, आखिरकार परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस ने युवराज के मोबाइल की कॉल डिटेल रिपोर्ट यानी सीडीआर खंगाली। इसमें सामने आया कि युवराज ने अपनी पुरानी ऑफिस कलीग अन्या वत्स से संपर्क किया था। पुलिस ने अन्या से बात करने की कोशिश की, लेकिन उससे संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद जांच की सुई उसी की तरफ घूम गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में अन्या और उसके साथी संयम सचदेवा ने युवराज की हत्या में शामिल होने की बात कबूल कर ली।
पुलिस के मुताबिक युवराज और आरोपियों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को कुछ घंटों तक एक क्रेटा कार में रखा गया, फिर गुरुग्राम के सेक्टर 70 इलाके की एक गटर में फेंक दिया गया। इसके बाद आरोपी उत्तराखंड भाग गए थे। दिल्ली पुलिस ने दोनों आरोपियों को उत्तराखंड से गिरफ्तार किया है।
इस मामले की आगे की जांच अभी जारी है। पुलिस हत्या की असली वजह और पूरी घटना के क्रम को लेकर और जानकारी जुटा रही है, ताकि यह साफ हो सके कि आखिर उस दिन गुरुग्राम में क्या हुआ था और युवराज को किस हालात में मौत के घाट उतारा गया।