दिल्ली के स्कूल में 12वीं की छात्रा ने खुद को आग लगाई, बैग से तीन पन्ने का नोट मिला
दिल्ली के कृष्णा नगर के एक स्कूल में 12वीं की छात्रा ने खुद को आग लगाकर जान दे दी। पुलिस ने सुसाइड नोट बरामद किया और जांच जारी है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
दिल्ली के कृष्णा नगर इलाके से एक दुखद और चौंकाने वाली खबर आई है। यहां के एक स्कूल में 12वीं में पढ़ने वाली छात्रा ने स्कूल के अंदर ही खुद को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को आग लगने की जानकारी मिली तो वह मौके पर पहुंची, जहां गार्ड रूम के पीछे छात्रा जली हुई हालत में मिली।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक शनिवार को कृष्णा नगर थाने में एक स्कूल से आग लगने का पीसीआर कॉल आया था। पुलिस जब वहां पहुंची तो स्कूल के गार्ड रूम में करीब 18 साल की 12वीं की एक छात्रा मृत हालत में मिली। उसकी बैग भी जली हुई थी। मौके से कुछ सामान और छात्रा की स्कूल बैग जब्त की गई है।
पुलिस का कहना है कि छात्रा को फौरन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि छात्रा की बैग में कुछ ज्वलनशील पदार्थ भी मिले हैं।
छात्रा की बैग से तीन पन्ने की सुसाइड नोट मिली है। नोट में लिखा था कि वह अपने मां-बाप की उम्मीदें पूरी नहीं कर पाई। नोट में उसने यह भी लिखा कि उसकी एक सहेली ने दूसरी लड़की से बात की थी। पुलिस के मुताबिक नोट में एक लड़के का भी जिक्र है, इसलिए पुलिस प्रेम प्रसंग के एंगल से भी जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक छठे पीरियड के बाद छात्रा अपना क्लास पास लेकर पानी पीने गई थी। दो-तीन मिनट बाद उसकी चीखें सुनाई दीं। वह पानी की टंकी के पास पूरी तरह जली हुई हालत में मिली। पुलिस के मुताबिक उसने कोई केमिकल पीकर भी जान दी। छात्रा गोंडली गांव की रहने वाली थी। वह दिल्ली में अपनी बहन के साथ रहती थी, जबकि उसके मां-बाप गांव में रहते हैं।
पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर एफएसएल की टीम ने भी जांच की। सबूत जुटाने और घटनास्थल देखने के लिए क्राइम ब्रांच की टीम भी बुलाई गई थी। मौके पर मौजूद पुलिस टीम उन हालात की जांच कर रही है, जिनकी वजह से यह घटना हुई। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई।
घटना की खबर मिलने के बाद दिल्ली सरकार के मंत्री आशिष सूद स्कूल पहुंचे और घटनास्थल देखा। उन्होंने कहा, "पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। स्कूल ने पुलिस को सारे सबूत दे दिए हैं। यह एक दुखद घटना है। जांच पूरी होने पर सारी जानकारी दी जाएगी।"
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।