डिलीवरी के बाद पेशाब लीक होना: नई माँओं की आम शिकायत, डॉक्टर ने बताई वजह और इलाज
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
स्त्रीरोग विशेषज्ञ चांदनी सहगल के मुताबिक नॉर्मल डिलीवरी के बाद यह समस्या हमेशा के लिए नहीं होती और इसके उपाय मौजूद हैं।
माँ बनने के बाद हर औरत के शरीर में अलग-अलग बदलाव होते हैं। प्रेग्नेंसी के बाद तो शरीर में काफी कुछ बदल जाता है और कई तरह की परेशानियों से भी जूझना पड़ता है। इनमें कमर दर्द, शरीर में थकान और पेशाब लीक होना जैसी कई दिक्कतें शामिल हैं। बहुत सी महिलाएँ डिलीवरी के बाद पेशाब लीक होने की शिकायत करती दिखती हैं।
इस बारे में स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉक्टर चांदनी सहगल ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर बात रखी है। उन्होंने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें एक महिला ने डिलीवरी के बाद पेशाब लीक होने की परेशानी बताई है। नई माँ की यह शिकायत सुनने के बाद डॉक्टर ने सबसे पहले यह कहा कि अगर नॉर्मल डिलीवरी के बाद आपको यह दिक्कत आ रही है, तो इसे शरीर का हमेशा के लिए बदलाव बिल्कुल न समझें।
डॉक्टर ने समझाया कि डिलीवरी के बाद माँ के पेल्विक फ्लोर मसल्स बहुत कमजोर हो जाते हैं। इसी वजह से वजाइनल सपोर्ट कम मिलता है और पेशाब लीक हो सकता है। इसके अलावा जब आप स्तनपान करा रही होती हैं, तब शरीर में कई हार्मोनल बदलाव चलते रहते हैं। इन्हीं की वजह से प्राइवेट पार्ट में सूखापन आ जाता है।
डॉक्टर के मुताबिक इस सब को नजरअंदाज करना गलत हो सकता है। यह सोचकर सहते रहना कि ऐसा तो होता ही है, ठीक नहीं है। उन्होंने सलाह दी कि इसके लिए कुछ उपाय किए जा सकते हैं। पेल्विक फ्लोर फिजियोथेरेपी, नियमित एक्सरसाइज, केगल और सही तरीके से की गई कसरत से इस परेशानी से यकीनन छुटकारा मिल सकता है, ऐसा भी उन्होंने साफ किया।
डॉक्टर ने यह भी बताया कि हर महिला के लिए इलाज अलग हो सकता है। अगर प्राइवेट पार्ट में सूखापन आ रहा है, तो उसके लिए सही उपाय और जाँच की जरूरत पड़ती है, और इसे नजरअंदाज करना तकलीफ बढ़ा सकता है। उनका कहना है कि डिलीवरी के बाद हर महिला की परेशानी अलग होती है और उसके उपाय भी अलग होते हैं। जाँच करवाने के बाद ही उसके हिसाब से सही इलाज किया जा सकता है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।