CSMT पर 75 दिन का ब्लॉक, 8 मेल-एक्सप्रेस गाड़ियों का सफर दादर-ठाणे में ही खत्म होगा
CSMT के प्लेटफॉर्म 14 और 15 पर 1 अक्टूबर से 15 दिसंबर तक ब्लॉक रहेगा।
छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) के पुनर्विकास के काम के लिए प्लेटफॉर्म नंबर 14 और 15 तथा स्टेबलिंग लाइन 15 पर 75 दिन का ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक 1 अक्टूबर से 15 दिसंबर के बीच रहेगा। यानी प्लेटफॉर्म नंबर 14 और 15 पूरे 75 दिन बंद रहेंगे।
ब्लॉक की वजह से CSMT की तरफ आने वाली आठ मेल-एक्सप्रेस गाड़ियों का सफर दादर या ठाणे स्टेशन पर ही खत्म कर दिया जाएगा। इस दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 14 और 15 और स्टेबलिंग लाइन 15 पर नींव का काम और दूसरे जरूरी काम किए जाएंगे। जब तक काम पूरा नहीं होता, इन प्लेटफॉर्म से रेल ट्रैफिक बंद रहेगा। काम पूरा होने के बाद ये प्लेटफॉर्म फिर से रेल ट्रैफिक के लिए खोल दिए जाएंगे।
दादर स्टेशन पर सात गाड़ियों का सफर खत्म होगा। ये गाड़ियां हैं: 11002 बल्लारशाह-CSMT नंदीग्राम एक्सप्रेस, 12810 हावड़ा-CSMT एक्सप्रेस, 12112 अमरावती-CSMT एक्सप्रेस, 11020 भुवनेश्वर-CSMT कोणार्क एक्सप्रेस, 22120 मडगांव-CSMT तेजस एक्सप्रेस, 22144 बीदर-CSMT एक्सप्रेस और 22108 लातूर-CSMT एक्सप्रेस। इन सातों गाड़ियों का सफर दादर स्टेशन पर ही खत्म कर दिया जाएगा।
आठवीं गाड़ी 12134 मंगलुरु-CSMT एक्सप्रेस है, जिसका सफर ठाणे स्टेशन पर ही खत्म कर दिया जाएगा। इस गाड़ी से CSMT तक जाने वाले यात्रियों को ठाणे से आगे के सफर का दूसरा इंतजाम खुद करना पड़ेगा।
CSMT पुनर्विकास के पहले चरण में इससे पहले प्लेटफॉर्म नंबर 16 और 17 पर ब्लॉक लिया गया था। अब अगले कामों के लिए प्लेटफॉर्म 14 और 15 पर ब्लॉक लिया जा रहा है। मध्य रेलवे ने साफ किया है कि बुनियादी सुविधाओं के विकास और आधुनिकीकरण के लिहाज से यह काम जरूरी है।
रेलवे प्रशासन ने ब्लॉक से होने वाली परेशानी के लिए खेद जताया है। साथ ही यात्रियों से अपील की है कि वे इसी हिसाब से अपने सफर की प्लानिंग करें।