चिया सीड्स सच में सेहत के लिए फायदेमंद, जानिए इसके 3 बड़े फायदे
आजकल फिटनेस और डाइट का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है और इसी में चिया सीड्स खाने का ट्रेंड भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, लेकिन जानिए इससे सच में क्या फायदे होते हैं।
आजकल लोग हेल्दी रहने के लिए अपनी जीवनशैली में तरह-तरह के बदलाव कर रहे हैं। फिटनेस और डाइट का ट्रेंड इन दिनों काफी बढ़ गया है। खासकर वजन कम करने और फिट रहने के लिए बहुत सारे लोग अपने खाने-पीने में बदलाव करते हैं। लेकिन अक्सर ये बदलाव सोशल मीडिया पर देखे गए ट्रेंड से प्रभावित होकर किए जाते हैं। इसी कड़ी में चिया सीड्स खाने का ट्रेंड भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
चिया सीड्स को एक सुपरफूड माना जाता है, जिसे पोषक तत्वों का खजाना कहा जाता है। दिखने में ये बीज भले ही बहुत छोटे हों, लेकिन इनमें फाइबर, प्रोटीन, ओमेगा-3 फैटी एसिड, कैल्शियम, मैग्नीशियम और एंटीऑक्सिडेंट्स जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। यही वजह है कि वजन कंट्रोल करने, पाचन सुधारने और दिल की सेहत के लिए चिया सीड्स फायदेमंद साबित हो सकते हैं। लेकिन क्या इन बीजों को खाने से सच में इतने सारे फायदे मिलते हैं, आइए जानते हैं।
सबसे पहली बात, चिया सीड्स पाचन सुधारने में मदद कर सकते हैं। इनमें फाइबर की मात्रा काफी ज्यादा होती है। पानी में भिगोने पर इन बीजों के चारों तरफ जेल जैसी परत बन जाती है, जिससे खाने में फाइबर की मात्रा बढ़ाने में मदद मिलती है। पर्याप्त पानी पीने और संतुलित डाइट के साथ अगर चिया सीड्स को शामिल किया जाए तो कब्ज की दिक्कत कम हो सकती है। इसके अलावा चिया सीड्स खाने से पाचन तंत्र भी ठीक तरीके से काम करता है।
दूसरा फायदा वजन कंट्रोल करने में मिलता है। चिया सीड्स में मौजूद फाइबर की वजह से पेट काफी देर तक भरा हुआ महसूस होता है। इससे बार-बार खाने की इच्छा या ज्यादा कैलोरी लेने की आदत कम हो सकती है। हालांकि सिर्फ चिया सीड्स खाने से वजन कम नहीं होता, इसके लिए पूरी डाइट और एक्सरसाइज की आदत भी उतनी ही जरूरी है।
तीसरा फायदा ब्लड शुगर के लिए भी होता है। चिया सीड्स में मौजूद फाइबर पाचन की प्रक्रिया और कार्बोहाइड्रेट के अवशोषण को कुछ हद तक धीमा करने में मदद कर सकता है। इससे खाना खाने के बाद ब्लड शुगर लेवल में अचानक होने वाली बढ़ोतरी को कंट्रोल करने में मदद मिलती है। लेकिन डायबिटीज वाले लोगों को दवाइयां या डॉक्टर की सलाह छोड़कर सिर्फ चिया सीड्स पर निर्भर नहीं रहना चाहिए।
चिया सीड्स को दही, ओट्स, स्मूदी या दूसरी चीजों में मिलाकर खाया जा सकता है। वजन कंट्रोल में रखना है तो इसमें चीनी, मीठा सिरप या ज्यादा कैलोरी वाली चीजें मिलाने से बचना चाहिए। चिया सीड्स लेते समय पर्याप्त पानी पीना भी जरूरी है। चिया सीड्स पौष्टिक जरूर हैं, लेकिन ये किसी भी बीमारी की दवा या इलाज का विकल्प नहीं हैं। डायबिटीज, हाई कोलेस्ट्रॉल या कोई और सेहत की दिक्कत हो तो डाइट में बदलाव करने से पहले डॉक्टर या डाइटीशियन की सलाह जरूर लेनी चाहिए।