भारत 'ए' ने पुदुचेरी में ऑस्ट्रेलिया 'ए' को 49 रन से हराया, सीरीज़ 2-1 से कंगारुओं के नाम
तीसरे अनधिकृत वनडे में भारत 'ए' ने 275 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया 'ए' को 226 पर समेटा। सूर्यांश शेडगे ने 66 रन बनाए, गुरजापनीत सिंह को तीन विकेट मिले।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
भारत 'ए' और ऑस्ट्रेलिया 'ए' के बीच तीसरा अनधिकृत वनडे पुदुचेरी के सीचम मैदान पर खेला गया। इस मैच में भारत 'ए' ने ऑस्ट्रेलिया 'ए' को 49 रन से हरा दिया। सीरीज़ में भारत की यह पहली जीत है।
ऑस्ट्रेलिया 'ए' पहले दो मैच जीतकर सीरीज़ पहले ही अपने नाम कर चुकी थी। आख़िरी मैच जीतकर भारतीय टीम ने सीरीज़ का अंत अच्छे ढंग से किया। इस हार के बाद तीन मैचों की वनडे सीरीज़ ऑस्ट्रेलिया ने 2-1 से जीती।
टॉस ऑस्ट्रेलिया 'ए' ने जीता और भारत 'ए' को पहले बल्लेबाज़ी के लिए बुलाया। ओपनर प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने टीम को मज़बूत शुरुआत दी। प्रभसिमरन ने 34 गेंदों में 39 रन बनाए, जबकि प्रियांश ने 45 गेंदों में 49 रन जोड़े।
इसके बाद भारत की पारी लड़खड़ा गई और स्कोर 118 रन पर पांच विकेट हो गया। देवदत्त पडिक्कल 2 रन, रजत पाटीदार 3 रन और निशांत सिंधू 5 रन बनाकर सस्ते में आउट हो गए।
कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने 57 गेंदों में 33 रन बनाकर पारी को संभाला। फिर सूर्यांश शेडगे ने 60 गेंदों में 66 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली और भारत को 200 से आगे पहुंचाया। आख़िर में विप्रज निगम ने 44 गेंदों में 40 रन बनाए। भारतीय टीम 47.3 ओवर में 275 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया की तरफ़ से बेन ड्वार्शियस और विल सदरलैंड ने तीन-तीन विकेट लिए।
276 रन का लक्ष्य पाने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने अच्छी शुरुआत की। जोश फिलिप और लियाम स्कॉट ने पहले विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी की। फिलिप 48 गेंदों में 56 रन बनाकर आउट हुए और उनके तुरंत बाद स्कॉट 42 गेंदों में 26 रन बनाकर लौट गए। इसके बाद लैकलन शॉ ने 31, नेथन मैकस्वीनी ने 39 और निखिल चौधरी ने 29 रन जोड़े।
लेकिन इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की पारी लड़खड़ा गई और सिर्फ़ 27 रन के अंदर बाक़ी बल्लेबाज़ पवेलियन लौट गए। ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 46.2 ओवर में 226 रन पर ऑल आउट हो गई।
भारत की ओर से गुरजापनीत सिंह ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए तीन विकेट लिए। यश ठाकुर और निशांत सिंधू को दो-दो विकेट मिले, जबकि विप्रज निगम और अनुकूल रॉय ने एक-एक विकेट लिया। विप्रज निगम को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया। ऑस्ट्रेलिया के नेथन मैकस्वीनी को प्लेयर ऑफ़ द सीरीज़ का पुरस्कार मिला। उन्होंने तीन मैचों की वनडे सीरीज़ में कुल 299 रन बनाए और दो विकेट भी लिए।