बस में महिला कंडक्टर से टिकट मशीन लूटी
4 रुपये के छुट्टे का बहाना, मौका मिलते ही मशीन छीनकर भागा युवक, काटोल मार्ग पर वाकया
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
नागपुर.
मनपा की आपली बस में अब महिला कंडक्टर भी सुरक्षित नहीं है. टिकट के चार रुपये बकाया रहने के बीच एक युवक मौका मिलते ही महिला कंडक्टर के हाथ से टिकट मशीन छीनकर फरार हो गया. सरेराह हुई इस वारदात से हड़कंप मच गया. यह घटना गिट्टीखदान थाना क्षेत्र के काटोल रोड पर नर्मदा कॉलोनी के पास हुई.
जानकारी के अनुसार, स्नेहा खिरडकर मनपा की आपली बस में कंडक्टर हैं. 21 अक्टूबर की दोपहर वह बस क्रमांक एम.एच./40/डी.सी./0464 में ड्यूटी पर थीं. बस ब्राह्मणी फाटा से सीताबर्डी की ओर जा रही थी. इसी दौरान न्यू काटोल नाका चौक से करीब 25 वर्षीय युवक बस में सवार हुआ. युवक ने टिकट के लिए 20 रुपये दिए. टिकट की कीमत 16 रुपये थी. महिला कंडक्टर ने टिकट देने के बाद चार रुपये के छुट्टे कुछ देर में लौटाने की बात कही. नर्मदा कॉलोनी के पास बस रुकी और यात्री उतरने लगे. इसी अफरा-तफरी के बीच युवक ने महिला कंडक्टर के हाथ से टिकट निकालने की मशीन झपट ली और भाग निकला. स्नेहा शोर मचातीं, इससे पहले ही आरोपी काफी दूर निकल चुका था. यात्रियों से भरी बस में महिला कंडक्टर को निशाना बनाकर की गई इस वारदात ने बसों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. घटना के बाद स्नेहा खिरेडकर ने गिट्टीखदान पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अब पुलिस आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ने के प्रयास कर रही है. मनपा की सार्वजनिक बस सेवा में ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों के साथ इस तरह की वारदात चिंता बढ़ाने वाली है.
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।