बालों की जुओं और लीखों से परेशान हैं? घर पर ही बनाएं ये आसान नुस्खे
बारिश में भीगने या पसीने की वजह से बालों में जुएं होना आम बात है। बाजार के महंगे प्रोडक्ट्स के बजाय घर में मौजूद चीजों से इन्हें दूर किया जा सकता है।
बालों में जुएं या लीख होना कोई अनोखी बात नहीं है, खासकर बारिश के मौसम में। बारिश में भीगने की वजह से बाल देर तक गीले रहते हैं, या फिर पसीने की वजह से बालों में जुएं होने की संभावना बढ़ जाती है। ये छोटे-छोटे जीव देखने में भले ही बहुत छोटे लगें, लेकिन इनकी वजह से होने वाली परेशानी काफी बड़ी होती है। अगर समय रहते इन्हें बालों से बाहर न निकाला जाए तो इनकी संख्या बालों में बढ़ती चली जाती है। इससे बाल खराब होने लगते हैं और सिर में खुजली, बेचैनी जैसी दिक्कतें भी शुरू हो जाती हैं। इसके अलावा बालों में जुएं या लीख होना लोगों के बीच शर्मिंदगी की वजह भी बन जाता है, क्योंकि जुएं दूसरे की बालों में भी फैल सकती हैं और इस वजह से कई बार लोग दूरी बनाने लगते हैं। ऐसे में घर पर ही इस परेशानी को दूर करने के कुछ आसान तरीके अपनाए जा सकते हैं, जिनके लिए बाजार से कोई महंगा प्रोडक्ट खरीदने की जरूरत नहीं पड़ती।
पहला तरीका है प्याज का इस्तेमाल। इसके लिए एक प्याज को कद्दूकस करके उसका पूरा रस निकाल लें। बच्चे और बड़े, दोनों ही इस रस से बालों की मालिश कर सकते हैं। अगर बच्चे को इससे जलन महसूस हो, तो इस मिश्रण में नारियल तेल मिला लें और फिर उस तेल से मालिश करें। तेल से मालिश करने के करीब एक घंटे बाद शैंपू से बाल अच्छी तरह धो लें।
अगर प्याज के रस का इस्तेमाल पसंद न हो, तो दूसरे तरीके के तौर पर नीम की पत्तियों की मदद ली जा सकती है। इसके लिए नीम की पत्तियों को उबाल लें। पानी ठंडा होने पर इन पत्तियों को हाथों से अच्छी तरह मसल लें और वह पानी एक कटोरी में निकाल लें। इस तैयार पानी से बालों की अच्छी तरह मालिश करें और करीब एक घंटे बाद शैंपू से बाल धो लें। इससे बालों में मौजूद सारी जुएं मर जाती हैं, जिसके बाद कंघी की मदद से इन्हें बालों से बाहर निकाला जा सकता है।
तीसरा तरीका है पूजा में इस्तेमाल होने वाला कपूर, जो जुओं को खत्म करने में मददगार साबित हो सकता है। इसके लिए एक बर्तन में नारियल तेल और कपूर की कुछ गोलियां डालकर तेल को धीमी आंच पर गर्म करें। जब कपूर की गोलियां तेल में पूरी तरह घुल जाएं, तो गैस बंद कर दें और तेल को ठंडा होने दें। ठंडे हुए इस तेल से बालों की मालिश करें और पूरी रात बालों को ऐसे ही रहने दें। सुबह बालों में मौजूद जुएं मरी हुई दिखाई देंगी, जिन्हें कंघी से बाहर निकाला जा सकता है। इसके बाद शैंपू से बाल अच्छी तरह साफ कर लें।