सोम‌वार, 16 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

अफीम तस्करी का हाईटेक खेल

जुर्म PT24 टीम

एक गाड़ी में नशे की खेप-दूसरी बनी एस्कॉर्ट, एमपी के तस्कर बंधु गिरफ्तार, 30.65 लाख का माल बरामद

नागपुर.

नशे की खेप पहुंचाने के लिए तस्करों ने अपनाया शातिर तरीका... आगे-आगे दौड़ रही थी बोलेरो पिकअप और पीछे चल रही थी अफीम से भरी फोर्ड इकोस्पोर्ट! बोलेरो का काम था रास्ते पर नजर रखना और पीछे आ रही गाड़ी को सुरक्षित रास्ते का संकेत देना। लेकिन तस्करों की यह रणनीति नागपुर ग्रामीण पुलिस के सामने नहीं टिक सकी। पुलिस ने पीछा कर दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 2 किलो अफीम और दो वाहनों समेत 30 लाख 65 हजार 500 रुपये का माल जब्त किया गया है.

एंटी नारकोटिक्स टीम बुटीबोरी परिसर में गश्त कर रही थी. इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दो संदिग्ध वाहनों के जरिए अफीम की तस्करी की जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई और वाहनों की तलाश शुरू कर दी. इसी दौरान बेला-सारशी मार्ग पर बोलेरो पिकअप और फोर्ड इकोस्पोर्ट दिखाई दी. पुलिस ने दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालकों ने गाड़ियां रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और भिवापुर की ओर भागने लगे. पुलिस ने भिवापुर टीम की मदद से पीछा किया और नांदा गांव में दोनों वाहनों को रोक लिया. जब फोर्ड इकोस्पोर्ट की तलाशी ली गई तो उसकी डिक्की से अफीम के दो पैकेट बरामद हुए. इनका वजन करीब 2 किलो और कीमत 10 लाख 1 हजार 500 रुपये बताई गई है. लेकिन पुलिस की जांच में तस्करी का जो तरीका सामने आया, उसने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया. इस तस्करी में दो सगे भाई शामिल थे. 30 वर्षीय पवन सत्यनारायण उर्फ कालिदास पाटीदार फोर्ड इकोस्पोर्ट में अफीम की खेप लेकर चल रहा था, जबकि उसका 32 वर्षीय भाई लोकेशकुमार सत्यनारायण उर्फ कालिदास पाटीदार बोलेरो पिकअप से आगे चल रहा था.

बोलेरो सिर्फ एक वाहन नहीं, बल्कि तस्करी के इस नेटवर्क में एस्कॉर्ट की भूमिका निभा रही थी. उसका काम रास्ते पर नजर रखना और पीछे चल रही अफीम से भरी गाड़ी को सुरक्षित रास्ते का संकेत देना था. पाटीदार बंधु मध्यप्रदेश के नीमच जिले के जावद तहसील स्थित बसेड़ीभाटी के निवासी हैं. पुलिस ने दोनों वाहनों के साथ 2 हजार 500 रुपये नकद और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं. जब्त किए गए पूरे माल की कीमत 30 लाख 65 हजार 500 रुपये आंकी गई है. भिवापुर पुलिस स्टेशन में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है. अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि अफीम की यह खेप कहां से लाई गई थी? इसे कहां पहुंचाया जाना था? और इस नशे के कारोबार के पीछे आखिर कितने लोग जुड़े हुए हैं? पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल म्हस्के तथा उमरेड उपविभाग के सहायक पुलिस अधीक्षक मयंक माधव के मार्गदर्शन में की गई.

#नागपुर#जुर्म#PT24#Crime#Nagpur

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन