सोम‌वार, 16 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

पहले ही मिल गई थी गनी को हत्या की धमकी

जुर्म PT24 टीम

डायल 112 पर दूसरी पत्नी ने दी थी सूचना, फिर भी सोती रही इमामवाड़ा पुलिस, हथियार लेकर धमकाने पहुंचा था आरोपी, बीट मार्शल निलंबित, दो पुलिसकर्मी मुख्यालय अटैच

नागपुर.

मेडिकल चौक पर कुख्यात अपराधी पलास उर्फ गनी वासनिक की हत्या के मामले में अब इमामवाड़ा पुलिस की गंभीर लापरवाही भी उजागर हो गई है. हैरानी की बात यह है कि गनी की हत्या से दो दिन पहले ही पुलिस को उसकी जान पर मंडरा रहे खतरे की सूचना मिल चुकी थी. उसकी दूसरी पत्नी तनु आत्राम ने डायल 112 पर फोन कर बताया था कि एक व्यक्ति हथियार लेकर घर पहुंचा और गनी को जान से मारने की धमकी देकर गया है. कंट्रोल रूम ने तत्काल इमामवाड़ा थाने के बीट मार्शल को कार्रवाई के निर्देश भी दिए, लेकिन कथित तौर पर इस चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया गया। नतीजा यह हुआ कि दो दिन बाद मेडिकल चौक पर गनी की हत्या कर दी गई.

इस गंभीर लापरवाही पर पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए बीट मार्शल सुभाष करियार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. वहीं, इमामबाड़ा थाने की वारंट एवं समन शाखा में कार्यरत पुलिसकर्मी पवन कालपांडे और रमेश दमके को मुख्यालय अटैच कर दिया गया है. इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। अब थानेदार और डीबी टीम की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है.

दो दिन पहले ही मिल गया था खतरे का इनपुट

सूत्रों के अनुसार गनी की हत्या की पटकथा हत्या से पहले ही लिखी जा चुकी थी. हत्या के दो दिन पहले आयुष धूपे हथियार लेकर गनी के घर पहुंचा था और उसे जान से मारने की धमकी दी थी. गनी की दूसरी पत्नी तनु आत्राम ने तत्काल डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को इसकी जानकारी दी. कंट्रोल रूम से इमामबाड़ा थाने के बीट मार्शल सुभाष करियार को मौके पर जाकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे. इसके बावजूद इस सूचना पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई. पुलिस ने समय रहते खतरे का आकलन कर आवश्यक कदम उठाए होते तो शायद गनी की जान बच सकती थी. इसी लापरवाही को आधार बनाकर बीट मार्शल पर निलंबन की कार्रवाई की गई है.

साले ने साथियों के साथ मिलकर उतारा था मौत के घाट

गौरतलब है कि 10 नवंबर की रात मेडिकल चौक पर पलास उर्फ गनी वासनिक की उसके साले आयुष धूपे ने अपने साथी अथर्व भगत और सुमेध मेश्राम की मदद से हत्या कर दी थी. गनी का विवाह आयुष की बहन अंजली से हुआ था. लेकिन गनी द्वारा कथित रूप से प्रताड़ित किए जाने के कारण अंजली उसे छोड़कर अलग रहने लगी थी. इसके बाद गनी ने तनु आत्राम से दूसरी शादी कर ली और सावनेर में रहने लगा था. इसके बावजूद वह इमामवाड़ा परिसर में स्थित अपनी पहली पत्नी के मायके पहुंचकर अंजली और उसके परिजनों को परेशान करता था. इसी बात को लेकर आयुष के मन में गनी के प्रति गुस्सा था. घटना वाली रात भी गनी ससुराल पहुंचा और अंजली तथा उसके परिजनों के साथ मारपीट कर गाली-गलौज की. इसके कुछ समय बाद आयुष और उसके साथियों ने मेडिकल चौक पर उसकी हत्या कर दी.

इमामवाड़ा पुलिस की कार्यप्रणाली पर फिर उठे सवाल

इस मामले में अब इमामवाड़ा थाने की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. सूत्रों के अनुसार गनी की हत्या की योजना करीब एक सप्ताह पहले ही बना ली गई थी. थाने के कुछ चर्चित कर्मचारियों को इसकी भनक होने की चर्चा है. इसके बावजूद कोई एहतियाती कदम नहीं उठाया गया. हालांकि, इस पहलू की आधिकारिक पुष्टि और विभागीय जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है. इमामवाड़ा थाने की डीबी टीम की भूमिका भी लंबे समय से सवालों के घेरे में बताई जाती रही है. परिसर में सक्रिय अपराधियों और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों को कथित संरक्षण मिलने के आरोप भी लगते रहे हैं. समय-समय पर कार्रवाई के बावजूद यदि अवैध गतिविधियां जारी हैं तो यह पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है.

जोन-4 में बढ़ते अपराध, पुलिस की जवाबदेही पर सवाल

इमामवाड़ा थाना क्षेत्र में इससे पहले भी गंभीर वारदातों में नाबालिगों का इस्तेमाल किए जाने के मामले सामने आ चुके हैं. करीब चार साल पहले एक सामाजिक कार्यकर्ता की हत्या में भी नाबालिगों के इस्तेमाल की बात सामने आई थी. ऐसे मामलों के बावजूद यदि पुलिस समय रहते अपराध की आशंका को नहीं भांप पा रही है तो यह चिंता का विषय है. जोन-4 के अंतर्गत आने वाले थानों में हत्या और अन्य गंभीर अपराधों को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच गनी हत्याकांड ने पुलिस की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा कर दिया है. सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब हत्या से पहले ही पुलिस को जानलेवा धमकी की सूचना मिल गई थी, तब कार्रवाई क्यों नहीं हुई? अब केवल बीट मार्शल पर निलंबन की कार्रवाई से मामला खत्म होगा या थाने के जिम्मेदार अधिकारियों और डीबी टीम की जवाबदेही भी तय होगी, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं.

#नागपुर#जुर्म#PT24#Crime#Nagpur

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन