रविवार, 15 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

उज्जैन के कालभैरव मंदिर में भारी भीड़, 500 रुपये का VIP टिकट लेने वाले भी घंटों कतार में

धूप में श्रद्धालु मंदिर के बाहर लंबी कतारों में खड़े हैं, पास फूल और पानी की दुकानें हैं तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
शहर PT24 शहर डेस्क

शुक्रवार को कालभैरव मंदिर में उमड़ी भीड़ में VIP टिकट वालों को भी ढाई से चार घंटे इंतजार करना पड़ा। श्रद्धालुओं ने पानी, छांव और अतिरिक्त टिकट काउंटर की मांग की।

उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन के लिए आ रहे श्रद्धालुओं की भीड़ का असर अब कालभैरव मंदिर की व्यवस्थाओं पर भी दिख रहा है। शुक्रवार को मंदिर में इतनी भीड़ उमड़ी कि आम दर्शनार्थियों के साथ 500 रुपये का VIP टिकट लेने वाले श्रद्धालुओं को भी घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ा।

किसी को ढाई घंटे तो किसी को चार घंटे तक इंतजार करना पड़ा। तेज धूप में कतार में खड़े बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं परेशान होते रहे। कई श्रद्धालु दर्शन किए बिना ही लौट गए। महाराष्ट्र और गुजरात से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कालभैरव के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर के बाहर से लेकर दर्शन मार्ग तक लंबी कतारें लगी रहीं।

सबसे ज्यादा नाराजगी VIP दर्शन व्यवस्था को लेकर दिखी। श्रद्धालुओं का कहना था कि जब 500 रुपये का टिकट लेने के बाद भी घंटों खड़ा रहना पड़ रहा है, तो VIP व्यवस्था का मतलब क्या रह गया। टिकट लेने के लिए ही डेढ़ घंटे तक कतार में लगना पड़ रहा है। श्रद्धालुओं ने अतिरिक्त टिकट काउंटर खोलने की मांग भी की।

प्रयागराज से आए जितेंद्र मौर्य ने बताया कि वे VIP टिकट लेकर दर्शन करने पहुंचे, लेकिन उन्हें भी करीब चार घंटे इंतजार करना पड़ा। उनका आरोप था कि प्रोटोकॉल के नाम पर 500 से 1000 रुपये लेकर कुछ लोगों को दर्शन कराए जा रहे हैं, जबकि आम श्रद्धालु कतार में खड़े रहते हैं। राजकोट से आए मनीष ने बताया कि VIP टिकट लेने में ही आधे से डेढ़ घंटे का समय लग रहा है। ऐसे में दर्शन के लिए कितना इंतजार करना पड़ेगा, यह समझा जा सकता है।

लंबी कतारों में खड़े श्रद्धालुओं के लिए पीने के पानी और छांव का पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आया। गर्मी और धूप में लोग घंटों इंतजार करते रहे। छोटे बच्चों को लेकर खड़े परिजन उन्हें कंधे पर उठाकर राहत देने की कोशिश करते दिखे। कुछ जगह भीड़ के दबाव से लोगों को परेशानी हुई। कतार के बीच पानी की बोतलें बेचने वाले भी दिखे। श्रद्धालुओं का कहना था कि दर्शन मार्ग पर पीने के पानी की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि महंगे दाम पर पानी न खरीदना पड़े।

कैलाश कालवा ने बताया कि वे सुबह 9 बजे से दर्शन के लिए कतार में लगे थे और करीब ढाई घंटे बाद दर्शन हो पाए। उनका कहना था कि दर्शन मार्ग पर चार-चार लाइनें होने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। भीड़ के दबाव में कतारों का प्रबंधन भी ठीक से नहीं हो पा रहा है।

मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने जवाब देने से दूरी बना ली। अधिकारियों का कहना था कि उन्हें केवल साफ-सफाई और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी दी गई है और वे समय-समय पर निगरानी करते हैं। इस मामले में जो भी जवाब देना होगा, कलेक्टर देंगे।

#इंदौर#शहर#PT24#Civic#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन