उज्जैन मंडी में बैलगाड़ियों से पहुंचे किसान, शुभ मुहूर्त में सोयाबीन 9 हजार रुपये क्विंटल बिका
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
दीपावली के बाद उज्जैन कृषि उपज मंडी में नया व्यापारिक साल शुभ मुहूर्त की खरीद से शुरू हुआ। सोयाबीन 9 हजार, गेहूं 4200 और चना 21 हजार 11 रुपये प्रति क्विंटल बिका।
उज्जैन की कृषि उपज मंडी में दीपावली के बाद का नया व्यापारिक साल इस बार पुरानी परंपरा और जोश के साथ शुरू हुआ। गुरुवार को करीब 12 बजे किसान शुभ मुहूर्त में अपनी फसल बेचने के लिए बैलगाड़ियों से मंडी पहुंचे। ट्रैक्टर और दूसरी गाड़ियों के इस दौर में बैलगाड़ियों को देखकर लोगों को पुराना जमाना याद आ गया।
शुभ मुहूर्त की खरीद के लिए किसानों की फसल के नाम की चिट्ठियां निकाली गईं। जिस किसान की चिट्ठी सबसे पहले खुली, उसकी उपज व्यापारियों ने तय मुहूर्त में ऊंचे भाव पर खरीदी।
इस मुहूर्त में सोयाबीन का भाव 9 हजार रुपये प्रति क्विंटल रहा। शांतिलाल तुलसीराम की सोयाबीन अग्रवाल ने खरीदी। गेहूं 4200 रुपये प्रति क्विंटल में बिका। संतोष सिंह बाबूसिंह पवसा का गेहूं अंबिका फर्म ने लिया। चने का सौदा 21 हजार 11 रुपये प्रति क्विंटल में हुआ। मनोज नाथूलाल का चना महावीर ट्रेडिंग कंपनी ने खरीदा। इन्हीं ऊंचे भावों के साथ मंडी में नए साल का कारोबार शुरू हुआ।
खरीद पूरी होने के बाद मंडी परिसर में जश्न का माहौल बन गया। जनप्रतिनिधि, किसान और व्यापारी ढोल की धुन पर नाचे। किसानों की तरफ से दीपावली मिलन समारोह भी रखा गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान, व्यापारी और जनप्रतिनिधि आए।
समारोह में विधायक अनिल जैन कालूखेड़ा ने बताया कि वे किसानों और मंडी व्यापारियों की परेशानियों को लेकर विधानसभा में सवाल लगा रहे हैं। उनका कहना था कि मंडी में अनाज के कारोबार के साथ किसानों के काम की दूसरी दुकानें भी एक ही जगह मिलनी चाहिए। इनमें ट्रैक्टर पार्ट्स, खाद, कीटनाशक दवाइयां, किराना और खेती से जुड़ा दूसरा सामान शामिल है।
विधायक ने कहा कि महाकाल लोक बनने के बाद उज्जैन में श्रद्धालु बढ़े हैं। इस वजह से दूधतलाई इलाके में ट्रैक्टर लेकर जाने वाले किसानों को भीड़ और जाम से जूझना पड़ता है। किसान अनाज बेचकर बाकी जरूरत का सामान खरीदने बाजार जाते हैं, जिससे यातायात पर असर पड़ता है। इसी के हल के लिए उन्होंने विधानसभा में सवाल लगाया है कि कृषि उपज मंडियों में किसानों की जरूरत के हिसाब से दूसरे कारोबार की इजाजत और कार्ययोजना क्या होगी।
उन्होंने कहा कि मंडी सिर्फ व्यापारियों की नहीं है, बल्कि किसान, व्यापारी, तुलावटी और हम्माल सबकी है, और सबके सहयोग से ही मंडी बेहतर चल सकती है। उनके मुताबिक मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार भी किसानों और व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
अपने भाषण में विधायक ने 17 नवंबर को प्रस्तावित लोकतंत्र बचाओ रैली का जिक्र किया और लोगों से उसमें शामिल होने की अपील की। उन्होंने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) का समर्थन किया और कहा कि मतदाता सूची में एक व्यक्ति का नाम एक ही जगह होना चाहिए। जिनका निधन हो चुका है, उनके नाम सूची में नहीं रहने चाहिए। बांग्लादेश और पाकिस्तान से आए लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल होने के मुद्दे पर भी उन्होंने अपनी बात रखी।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।