रविवार, 15 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

उज्जैन के गढ़कालिका मंदिर परिसर पर 17.81 करोड़ खर्च होंगे, सिंहस्थ से पहले बदलेगी सूरत

मंदिर परिसर में एक आदमी पूजा कर रहा है, पास में दूसरा खड़ा है, सुबह की रोशनी तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
शहर PT24 शहर डेस्क

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को मां गढ़कालिका मंदिर के जीर्णोद्धार और विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। काम 14 महीने में पूरा करने का लक्ष्य है।

उज्जैन में मां गढ़कालिका के दरबार पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को अब दर्शन के लिए धूप और बारिश में कतार में खड़े नहीं रहना पड़ेगा। मां गढ़कालिका महाकवि कालिदास की आराध्य देवी हैं। सिंहस्थ-2028 से पहले मंदिर परिसर का पूरा स्वरूप बदलने की तैयारी है।

मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 17.81 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले जीर्णोद्धार और विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। अब सबसे बड़ी चुनौती तय समय में निर्माण पूरा करने की है। परियोजना का अनुबंध 18 महीने का है, लेकिन लोक निर्माण विभाग ने सिंहस्थ की तैयारियों को देखते हुए 14 महीने में काम खत्म करने का लक्ष्य रखा है। यानी निर्माण एजेंसी को चार महीने पहले काम पूरा करना होगा।

मंदिर परिसर की आगे की जरूरतों और सिंहस्थ के दौरान आने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए पहले मंजूर हुआ 13.14 करोड़ रुपये का टेंडर रद्द किया गया। इसके बाद उज्जैन विकास प्राधिकरण ने संशोधित योजना बनाई, जिसकी लागत बढ़ाकर 17.81 करोड़ रुपये की गई है। इसमें मुख्य रूप से 13.51 करोड़ रुपये सिविल वर्क, 1.38 करोड़ रुपये इलेक्ट्रिकल काम और 89.40 लाख रुपये सुपरविजन चार्ज के हैं।

मंदिर परिसर 7150.75 वर्गमीटर, यानी करीब 1.70 एकड़ में फैला है। इसे मास्टर प्लान के हिसाब से विकसित किया जाएगा। सबसे बड़ा बदलाव श्रद्धालुओं की आवाजाही और भीड़ के इंतजाम में होगा।

प्रतीक्षा हाल और कॉरिडोर पर 3.58 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें 2215 वर्गमीटर का कवर्ड प्रतीक्षा हाल और व्यवस्थित कॉरिडोर बनेगा, ताकि बड़ी संख्या में श्रद्धालु कतार में रहकर दर्शन कर सकें।

मुख्य मार्ग पर 61.84 लाख रुपये से दो प्रवेश द्वार बनेंगे। परिसर में तीन कैनोपी प्रवेश द्वार भी होंगे। पार्किंग 1.56 करोड़ रुपये से 4515 वर्गमीटर में विकसित होगी, जिसमें 62 कार और 33 वीआईपी वाहन खड़े हो सकेंगे।

इसके अलावा विशाल यज्ञशाला, प्रशासनिक भवन, पूछताछ केंद्र, प्रसाद वितरण काउंटर और आधुनिक शौचालय बनाए जाएंगे। परिसर में दो फव्वारे, 30 दुकानें, पेवर ब्लॉक, स्टॉर्म वाटर ड्रेन और फायर फाइटिंग सिस्टम भी होगा।

मां गढ़कालिका मंदिर सिर्फ आस्था का केंद्र नहीं है, यह अवंतिका की प्राचीन सांस्कृतिक और साहित्यिक विरासत से भी जुड़ा है। दोनों नवरात्र में यहां हजारों श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं, और सिंहस्थ में भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में प्रतीक्षा हाल, पार्किंग, प्रवेश और निकास की व्यवस्था स्थायी सुविधा साबित हो सकती है। नया स्वरूप सिंहस्थ से पहले तैयार करना है, इसलिए देरी की गुंजाइश नहीं है।

#इंदौर#शहर#PT24#Civic#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन