ठिकरिया में सामुदायिक भवन पर विवाद, दलित समाज का कलेक्टरेट में धरना, थाना प्रभारी को हटाने की मांग
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
आगर-मालवा के ठिकरिया गांव में भवन निर्माण पर हुए विवाद में दलित समाज ने मारपीट और जातिसूचक गालियों का आरोप लगाया। 27 नामजद लोगों पर कार्रवाई की मांग है।
आगर-मालवा जिले की नलखेड़ा तहसील के ठिकरिया गांव में सामुदायिक मांगलिक भवन बनाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोमवार को दलित समाज के लोग कलेक्टरेट पहुंचे और धरने पर बैठ गए। उन्होंने मारपीट और जातिसूचक गाली-गलौज के आरोप लगाए हैं।
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि मामले में नामजद 27 लोगों पर कार्रवाई की जाए और नलखेड़ा थाना प्रभारी शशि उपाध्याय को हटाया जाए।
कलेक्टर को दिए गए शिकायत आवेदन के मुताबिक गांव में शासन ने 25 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक मांगलिक भवन मंजूर किया है। निर्माण स्थल का निरीक्षण करने के लिए जनपद पंचायत के सीईओ, सहायक यंत्री, सरपंच-सचिव और अन्य अधिकारी गांव पहुंचे थे।
आवेदन में आरोप है कि उस समय गांव वालों के बीच बातचीत चल रही थी। तभी सोंधिया और पाटीदार समाज के कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर वहां आ गए और शासकीय जमीन पर भवन नहीं बनने देने की धमकी दी।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि दलित समाज के लोगों और महिलाओं को जातिसूचक गालियां देकर अपमानित किया गया। यह भी आरोप है कि सामुदायिक भवन का इस्तेमाल सभी समाजों के लोग करेंगे, इस बात को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। इस विवाद का एक वीडियो भी सामने आया है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शिकायत देने के बावजूद नलखेड़ा पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कलेक्टर से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, नामजद 27 लोगों पर कार्रवाई हो और थाना प्रभारी शशि उपाध्याय को नलखेड़ा से हटाया जाए।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।