सिवनी के पेंच टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र में बाघ के हमले में चरवाहे की मौत
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
खंडासा गांव के पास जंगल में योगेश देशमुख का क्षत-विक्षत शव मिला। वन विभाग ने पगमार्क की पुष्टि की है और बाघ की पहचान के लिए डीएनए सैंपल लिए गए हैं।
सिवनी जिले में पेंच टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र में बाघ के हमले से एक चरवाहे की जान चली गई। सोमवार सुबह करीब 11 बजे खंडासा गांव से लगे जंगल में युवक का क्षत-विक्षत शव मिला। वन विभाग की टीम ने मौके पर बाघ के पगमार्क मिलने की पुष्टि की है।
मृतक की पहचान कुरई थाना क्षेत्र के खंडासा निवासी योगेश देशमुख के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह रविवार को रोज की तरह मवेशी चराने जंगल गया था। शाम को मवेशी तो घर लौट आए, लेकिन योगेश नहीं लौटा।
काफी देर इंतजार करने के बाद परिजनों ने गांव वालों और वन विभाग को खबर दी। इसके बाद वन विभाग की टीम और गांव वालों ने जंगल में उसकी तलाश शुरू की। देर रात तक खोजबीन चलती रही, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
सोमवार सुबह वन विभाग और गांव वालों ने फिर से तलाश अभियान चलाया। इसी दौरान खंडासा गांव से लगे जंगल में योगेश का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला। शव की हालत देखकर बाघ के हमले में मौत होने की आशंका जताई गई। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और जरूरी कार्रवाई शुरू की।
डीएफओ गौरव मिश्रा ने बताया कि घटनास्थल पर बाघ के पगमार्क मिले हैं। पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के शव से बाघ के डीएनए सैंपल लिए गए हैं। जांच के आधार पर हमले में शामिल बाघ की पहचान करने की कोशिश की जाएगी।
इसके अलावा घटनास्थल और आसपास के जंगल में कैमरे लगाए जा रहे हैं, ताकि बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने गांव वालों को जंगल में अकेले न जाने और मवेशी चराते समय सतर्क रहने की सलाह दी है। साथ ही बाघ की मौजूदगी वाले इलाकों से दूर रहने की अपील भी की गई है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।