रतलाम में रेलवे ट्रैक से 500 मीटर दूर पहाड़ी पर मिला इंसानी कंकाल, एक पैर गायब
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
बिलड़ी और विघापटन के बीच पहाड़ियों पर मिले कंकाल के पास काली टी-शर्ट भी मिली है। ग्रामीणों को 24 अक्टूबर से लापता युवक का अंदेशा है, पुलिस ने पहचान की पुष्टि नहीं की है।
रतलाम में बिलड़ी और विघापटन के बीच की पहाड़ियों पर शनिवार सुबह करीब 11 बजे एक इंसानी कंकाल मिला। यह जगह बिलड़ी-रावटी रेलवे ट्रैक से लगभग 500 मीटर की दूरी पर है। कंकाल को देखते ही ग्रामीणों ने इसकी खबर गांव के सरपंच को दी।
कंकाल पर सिर्फ हड्डियां बची हैं और उसका एक पैर नहीं है। उसके पास ही काले रंग की एक टी-शर्ट भी पड़ी मिली। पुलिस को आशंका है कि यह कंकाल किसी पुरुष का है।
ग्रामीणों से सूचना मिलने पर रावटी थाना प्रभारी मनीष डाबर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के इलाके में तलाश की, तो वहां काले रंग की टी-शर्ट मिली। डाबर ने बताया कि कंकाल मिला है और वह किसी युवक का लग रहा है। पुलिस मौके पर जांच कर रही है और गांव में गुमशुदा लोगों के बारे में भी पूछताछ कर रही है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यह कंकाल गोलू कटारा का हो सकता है, जो 24 अक्टूबर से लापता है। हालांकि पुलिस ने अभी इस पहचान की पुष्टि नहीं की है।
मौके पर पहुंचे कुछ ग्रामीणों ने बताया कि विघापटन का रहने वाला 20 साल का गोलू, पिता हेरजी कटारा, 24 अक्टूबर से लापता है। वह रतलाम में किराये के कमरे में रहकर कॉलेज की पढ़ाई करता था और दशहरे की छुट्टी में घर आया था। ग्रामीणों के मुताबिक उसके कुछ दोस्त उसे घर से बुलाकर ले गए थे। उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला। गोलू शादीशुदा है और उसकी एक छोटी बेटी है। उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट स्टेशन रोड थाने में दर्ज है।
मौके पर एफएसएल टीम भी पहुंच रही है। जांच पूरी होने के बाद कंकाल को मेडिकल कॉलेज भेजा जाएगा।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।