सोम‌वार, 16 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

मंत्री उदय प्रताप सिंह ने पूर्व OSD वीरेंद्र तिवारी के बंगले आने पर लगाई रोक

दिन की रोशनी में सुरक्षा चौकी, गेट पर खड़ा आदमी और पीछे सरकारी बंगला दिखता है तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
सियासत PT24 राजनीति डेस्क

मध्य प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने अपने OSD रहे वीरेंद्र तिवारी के मंत्री बंगले पर आने पर रोक लगा दी है। इसके बाद से तिवारी बंगले नहीं जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि तिवारी ने मंत्री के नाम पर लेन-देन किया था और इसका खुलासा होने के बाद मंत्री ने यह कार्रवाई की है।

इसी बीच तिवारी की तीन पत्नियां होने का आरोप भी लगा है। इस बारे में मिली शिकायत मंत्री तक भी पहुंची थी। चर्चा है कि कुछ दिन पहले खुद को वीरेंद्र तिवारी की पत्नी बताने वाली एक महिला भोपाल में मंत्री के सरकारी आवास पर पहुंची और उदय प्रताप सिंह को अपनी परेशानी सुनाई। महिला ने बताया कि उसके अलावा दो और महिलाओं से तिवारी के संबंध हैं। उनमें से एक भोपाल में और दूसरी ग्वालियर में रहती है, और दोनों के बच्चे भी हैं। महिला का आरोप है कि तिवारी अपने रसूख और प्रभाव का इस्तेमाल करके उसे अब तक चुप कराते रहे और मानसिक रूप से परेशान करते रहे। बताया जाता है कि उदय प्रताप सिंह ने अपने स्तर पर महिला के आरोपों की पड़ताल करवाई थी।

उदय प्रताप सिंह मोहन सरकार के दूसरे मंत्री हैं, जिनके OSD पर इस तरह की कार्रवाई हुई है। इससे पहले उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के OSD और आबकारी अधिकारी दीपम रायचुरा को एक करोड़ रुपए के लेन-देन के आरोप में हटाया जा चुका है। रायचुरा की भूमिका 2024-25 में भोपाल के टीटी नगर इलाके की दो शराब दुकानों के ठेके को लेकर सामने आई थी। उन्हें पद से हटा दिया गया था और विभागीय जांच भी शुरू की गई थी।

वीरेंद्र तिवारी मूल रूप से नगरीय विकास एवं आवास विभाग में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के पद पर थे। 2008 तक वे इसी विभाग में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी के रूप में काम कर रहे थे, उसके बाद उन्हें नियमित किया गया। वे पहले भी मंत्री स्टाफ में पहुंच चुके हैं। बताया जाता है कि उदय प्रताप सिंह के स्टाफ में लगाने के लिए 2024 में तिवारी को पहले राज्य औद्योगिक विकास बोर्ड में प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया था। उन्होंने 15 मार्च 2024 को बोर्ड में अनुभाग अधिकारी के रूप में कार्यभार संभाला और उसी दिन उन्हें मंत्री का OSD बनाकर मंत्री स्टाफ में अटैच कर दिया गया। दो महीने पहले पदोन्नति होने पर उनकी सेवाएं मूल विभाग को लौटा दी गई थीं, लेकिन इसके बावजूद वे पहले की तरह मंत्री का कामकाज देख रहे थे।

इस पूरे मामले पर मंत्री उदय प्रताप सिंह से बात नहीं हो सकी। वीरेंद्र तिवारी से संपर्क की कोशिश की गई, लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला। मंत्री स्टाफ के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि तिवारी दीपावली के बाद से मंत्री बंगले पर नहीं आ रहे हैं। उनके छुट्टी पर होने की बात कही जा रही है।

मंत्रियों के स्टाफ को लेकर पहले भी विवाद सामने आ चुके हैं। कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना के OSD अशोक कुमार बाथम, निज सहायक दिनेश भकोरिया और स्टेनो टाइपिस्ट अंकित अवधिया का तबादले के लिए पैसे के लेन-देन से जुड़ा वीडियो वायरल हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने तीनों कर्मचारियों को हटाकर निलंबित कर दिया था।

#इंदौर#सियासत#PT24#Politics#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन