सोम‌वार, 16 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

आलीराजपुर: पति की हत्या के आरोप में पत्नी समेत पांच गिरफ्तार, हादसा दिखाने की कोशिश

दिन की रोशनी में खुला फाटक, सूचना बोर्ड, बेंच और पेड़ों वाला सरकारी भवन तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
जुर्म PT24 अपराध डेस्क

चांदपुर थाना क्षेत्र के मोरधी में सड़क हादसा समझी गई मौत पोस्टमार्टम में गला घोंटने से निकली। पुलिस ने पत्नी और चार अन्य को गिरफ्तार किया है, एक आरोपी फरार है।

मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र में एक मौत को पहले सड़क हादसा माना गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद वह हत्या का मामला निकला। पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, 12 नवंबर 2026 को ग्राम मोरधी में दिलीप पिता अबेसिंह वास्कले की संदिग्ध हालत में मौत हुई थी। शुरुआत में इसे सड़क दुर्घटना मानकर चांदपुर थाने में केस दर्ज किया गया। घटनास्थल के हालात संदिग्ध लगे तो पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया।

जिला अस्पताल में पांच डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह गला घोंटना बताई गई। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या मानकर जांच शुरू की।

पुलिस जांच में सामने आया कि दिलीप की पत्नी सेंगली का पिछले चार-पांच साल से गांव के ही रमेश पिता मोती से प्रेम संबंध था। दिलीप को इसकी जानकारी हो गई थी और इसी बात पर पति-पत्नी में अक्सर झगड़ा और मारपीट होती थी। पुलिस के मुताबिक, इसी वजह से सेंगली और रमेश ने दिलीप को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन सेंगली ने रमेश को फोन करके बताया कि दिलीप बहुत ज्यादा शराब के नशे में है। इसके बाद रमेश अपने साथियों महेश और सिलदार के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि तीनों दिलीप को घर के पीछे तुअर के खेत में ले गए और पीले रंग की रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपियों ने इसे सड़क हादसा दिखाने की योजना बनाई। शव को दिलीप की स्कूटी पर रखकर चांदपुर-साकड़ी रोड के पास ले जाया गया। वहां दशरिया और नानसिंह भी पहुंच गए। पुलिस के अनुसार, दशरिया ने ट्रैक्टर को आगे-पीछे करते हुए शव और स्कूटी पर दो बार चढ़ाया, ताकि मामला दुर्घटना जैसा लगे। इसके बाद आरोपी ट्रैक्टर छिपाकर अपने घर चले गए।

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक मोबाइल फोन मिला। तकनीकी जांच में पता चला कि वह दशरिया का है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद हत्या की साजिश और बाकी आरोपियों की भूमिका सामने आई।

पुलिस ने सेंगली, रमेश, महेश, दशरिया और नानसिंह उर्फ नानका को गिरफ्तार किया है। इस मामले का एक और आरोपी सिलदार पिता जुरलिया फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

पुलिस ने मामले में हत्या, सबूत मिटाने, आपराधिक षड्यंत्र और सामूहिक आपराधिक कृत्य से जुड़ी धाराएं 103(1), 238, 61(2) और 3(5) बीएनएस बढ़ाई हैं। मामले की विवेचना जारी है। कार्रवाई में चांदपुर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दिलीपसिंह चंदेल समेत पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

#इंदौर#जुर्म#PT24#Crime#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन