सोम‌वार, 16 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

मेमू लेट होने से छूटी कोटा-इंदौर एक्सप्रेस, बीना-रुठियाई के सैकड़ों यात्री परेशान

रेलवे प्लेटफॉर्म पर यात्री खड़ी ट्रेन के पास इंतजार कर रहे हैं, दिन का उजाला है तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
शहर PT24 शहर डेस्क

बीना से रुठियाई चलने वाली मेमू 61611 शुक्रवार को देर से पहुंची और यात्रियों की कोटा-इंदौर एक्सप्रेस छूट गई। यात्री पूरा रिफंड और मेमू का समय बदलने की मांग कर रहे हैं।

बीना से रुठियाई के बीच चलने वाली मेमू ट्रेन (61611) शुक्रवार को देर से चली और इसका असर सैकड़ों यात्रियों की आगे की यात्रा पर पड़ा। मेमू समय पर रुठियाई नहीं पहुंची, इसलिए यात्री कोटा-इंदौर एक्सप्रेस (22983) नहीं पकड़ सके।

जिन यात्रियों ने पहले से टिकट आरक्षित करा रखा था, उन्हें इससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। प्रभावित यात्रियों ने रेल प्रबंधक से टिकट का पूरा पैसा लौटाने की मांग की है।

कई यात्रियों की कनेक्टिंग ट्रेन छूटने के मामले में सुनील आचार्य ने रेल प्रशासन को शिकायत दी है और यात्रियों की परेशानी बताई है। उन्होंने मांग की है कि रेलवे की देरी की वजह से जिन यात्रियों की कनेक्टिंग ट्रेन छूटी, उनके आरक्षित टिकट का पूरा पैसा वापस किया जाए।

आचार्य ने यह सवाल भी उठाया कि बिना टिकट सफर करने या नियम तोड़ने पर रेलवे यात्रियों से जुर्माना वसूलता है, लेकिन ट्रेन की देरी से यात्रियों को जो नुकसान होता है, उसकी भरपाई कौन करेगा। उनके मुताबिक, इस परेशानी का सामना मजदूरों, मरीजों, छात्र-छात्राओं और नौकरीपेशा लोगों को करना पड़ रहा है।

यह मेमू मुंगावली, पिपरई, रतवास, अशोकनगर, शाढ़ौरा और पगारा जैसे स्टेशनों के यात्रियों को रुठियाई से इंदौर जाने वाली ट्रेन पकड़ने की सुविधा देती है। यात्रियों का कहना है कि मेमू के देर से पहुंचने पर कनेक्टिंग ट्रेन छूट जाती है। रुठियाई से इंदौर के लिए कोई दूसरी सीधी ट्रेन नहीं है, इसलिए उन्हें काफी दिक्कत होती है।

प्रभावित यात्रियों और स्थानीय लोगों ने रेल मंत्रालय और मंडल प्रशासन से मेमू ट्रेन संख्या 61611 के समय में बदलाव की मांग की है। उनका कहना है कि मेमू का समय कोटा-इंदौर एक्सप्रेस के हिसाब से तय किया जाए, ताकि यात्रियों को कनेक्टिंग ट्रेन पकड़ने के लिए पर्याप्त समय मिल सके। यात्रियों ने देरी से हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई के लिए भी रेलवे से कदम उठाने की मांग की है।

#इंदौर#शहर#PT24#Civic#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन