रविवार, 15 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

PHP की खामियों के डर से मध्य प्रदेश के करीब 25 सरकारी विभागों की वेबसाइट ऑफलाइन

पुराने सरकारी दफ्तर में कंप्यूटर और फाइलें हैं, खिड़कियों से दिन की रोशनी आती है तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
शहर PT24 शहर डेस्क

मध्य प्रदेश में PHP की दो बड़ी सुरक्षा खामियों के चलते करीब 25 विभागों की वेबसाइट बंद हैं। विभागों के मुताबिक सर्वर का PHP वर्जन अपडेट हो रहा है, जबकि एनआईसी की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।

मध्य प्रदेश में करीब 25 सरकारी विभागों की वेबसाइट हैकिंग के डर से बंद रखी गई हैं। कई विभागों में योजनाओं, सूचनाओं और आदेशों को सालों से अपडेट नहीं किया जा रहा था। अब उन विभागों की वेबसाइट भी बंद हो गई हैं, जिनके अधिकारी विभाग के कामकाज की जानकारी नियमित रूप से अपलोड कर रहे थे। इसे अपडेट न करने की अधिकारियों की पुरानी नीति के बीच प्रोग्रामिंग लैंग्वेज अपडेट करने का नया बहाना बताया जा रहा है।

वजह यह है कि वेबसाइट चलाने वाली प्रोग्रामिंग लैंग्वेज PHP में सुरक्षा से जुड़ी दो बड़ी खामियां सामने आई हैं। इन्हें PHP2Shell नाम दिया गया है। साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स के मुताबिक, इन खामियों का फायदा उठाकर हैकर्स बिना अनुमति सर्वर पर खतरनाक कोड चला सकते हैं। वे पासवर्ड और API Keys जैसा डेटा भी चुरा सकते हैं। बताया गया है कि यह बग करीब 10 साल पुराना है और अब इसे अपडेट करने का काम चल रहा है।

वेबसाइट बंद किए जाने पर अलग-अलग विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों का कहना है कि विभाग की वेबसाइट के सर्वर में इस्तेमाल हो रहे PHP वर्जन को अपडेट किया जा रहा है। उनके मुताबिक PHP सर्वर के जरिए सरकारी संस्थाओं के कंप्यूटर सिस्टम में सेंध लगने और साइबर हमले की आशंका थी, इसलिए यह कदम उठाया गया। सरकारी डेटा की सुरक्षा से कोई समझौता न हो, इसलिए वेबसाइट को ऑफलाइन किया गया है। दूसरी ओर, मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के अधिकारियों की भूमिका को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।

PHP का इस्तेमाल वेबसाइट बनाने और चलाने के लिए होता है। प्रदेश की करीब 90 प्रतिशत सरकारी वेबसाइट PHP वर्जन में बनी हैं। यही वजह है कि इस मामले का असर बड़े पैमाने पर दिख रहा है।

एक्सपर्ट्स के मुताबिक, वेबसाइट के लिए सही और नया PHP (PHP: Hypertext Preprocessor) वर्जन चुनना और उसे अपडेट रखना उसकी सुरक्षा, स्पीड और सही कामकाज के लिए बेहद जरूरी है। पुराने या आउटडेटेड PHP वर्जन को डेवलपर्स की ओर से सपोर्ट मिलना बंद हो जाता है। इसे End-of-Life (EOL) कहा जाता है। नए PHP वर्जन में पुराने सुरक्षा खतरों (Vulnerabilities) और बग्स को ठीक किया जाता है। पुराने वर्जन पर चलने वाली वेबसाइट पर हैकर्स के हमले का खतरा ज्यादा रहता है।

#इंदौर#शहर#PT24#Civic#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन