नरसिंहपुर के मेख गांव में समझौते के दबाव और मारपीट का आरोप, तीन लोगों ने एसपी से मांगी जांच
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
ठेमी थाना क्षेत्र के मेख गांव के तीन लोगों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर पुराने केस में समझौते के दबाव, मारपीट और थाने में धमकाने के आरोपों की निष्पक्ष जांच मांगी है।
नरसिंहपुर जिले के ठेमी थाना क्षेत्र के गांव मेख में पुराने आपराधिक मामले में समझौते का दबाव बनाने, मारपीट और धमकी देने के आरोप सामने आए हैं। गांव के अनुसूचित जाति वर्ग के तीन लोगों ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आवेदन दिया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
आवेदन देने वालों में देवका बाई चौधरी, सत्यनारायण चौधरी उर्फ बबलू और चंदन चौधरी शामिल हैं। उनका आरोप है कि मुनीम पटेल, प्रीतम पटेल और ब्रजेश पटेल पुराने विवाद में उन पर समझौते का दबाव बना रहे हैं। इस मामले में ठेमी थाने में अपराध क्रमांक 145/2025 के तहत केस दर्ज है और उसकी सुनवाई गोटेगांव न्यायालय में चल रही है।
शिकायत के मुताबिक 9 नवंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे दरगढ़ा वाले घर के सामने सत्यनारायण चौधरी के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि उन पर हाथ-पैर, कड़े और बेल्ट से हमला किया गया। इसके बाद पुलिस उन्हें ठेमी थाने ले गई, जहां उन्हें करीब 3 से 4 घंटे बैठाए रखा गया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि थाने में उनकी शिकायत दर्ज करने के बजाय उन्हें धमकाया गया। यह भी आरोप है कि पुराने मामले में समझौता नहीं करने पर झूठे केस में फंसाने की चेतावनी दी गई।
आवेदन में बताया गया कि घटना के बाद चंदन चौधरी ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत क्रमांक 41514912 दर्ज कराई थी। आरोप है कि इस शिकायत को बंद कराने और पुलिस पर दबाव बनाने के लिए ग्रामीणों को गुमराह कर एसपी कार्यालय में ज्ञापन दिलवाया गया।
शिकायतकर्ताओं ने राजू उर्फ राजेंद्र दुबे, भूपेंद्र दुबे और ममता बाई चौधरी को घटना का प्रत्यक्षदर्शी बताया है। उन्होंने गवाहों और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
इसके साथ ही उन्होंने ठेमी थाने के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने, निष्पक्ष जांच कराने और संबंधित लोगों को कथित रूप से संरक्षण देने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने एससी-एसटी एक्ट सहित उचित धाराओं में केस दर्ज करने का भी आग्रह किया है।
पुलिस के अनुसार, आपसी विवाद के कारण तनाव की स्थिति बनी है। पूर्व में दर्ज प्रकरण की जांच जारी है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।