मैहर में ड्राइवरों का 'स्टेयरिंग छोड़ो' आंदोलन, NH-30 पर लंबा जाम, तीन मांगें
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
ऑल इंडिया वाहन चालक कल्याण एकता संगठन ने मैहर जिले में NH-30 पर वाहन रोककर धरना दिया। संगठन ड्राइवर आयोग, वेलफेयर बोर्ड और सुरक्षा कानून की मांग कर रहा है।
ड्राइवरों की सुरक्षा और कल्याण से जुड़ी मांगों को लेकर गुरुवार को ऑल इंडिया वाहन चालक कल्याण एकता संगठन ने मैहर जिले में 'स्टेयरिंग छोड़ो' आंदोलन शुरू किया। प्रदर्शनकारी अमरपाटन बाईपास पर NH-30 के ग्राम कटिया में हनुमान मंदिर के पास धरने पर बैठ गए और सड़क पर वाहन खड़े कर दिए।
इसकी वजह से हाईवे के दोनों तरफ लंबी कतारें लग गईं। बस, ट्रक और छोटे-बड़े वाहन जाम में फंस गए। जाम की खबर मिलते ही अमरपाटन और देहात थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
रास्ता खुलवाने को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बहस हुई और झड़प जैसी स्थिति बन गई। पुलिस ने संगठन के लोगों को समझाया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने रास्ता खोल दिया और हाईवे पर आवाजाही फिर शुरू हो गई।
संगठन ने कलेक्टर के नाम तीन मांगों का ज्ञापन देहात थाना प्रभारी पंचराज सिंह को सौंपा। ज्ञापन में ड्राइवर आयोग, ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड और ड्राइवर सुरक्षा कानून बनाने की मांग की गई है।
संगठन की महासचिव प्रेम कुमारी पटेल ने बताया कि ड्राइवरों की सुरक्षा और हितों को लेकर पहले भी कई बार ज्ञापन दिए गए, लेकिन मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में 12 नवंबर से अमरपाटन में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया है।
पटेल ने बताया कि यह आंदोलन संगठन के बैनर तले दिल्ली के सिंधु बॉर्डर से शुरू हुआ है। वहां सरकार का जो भी फैसला होगा, वह पूरे देश में मान्य होगा। उन्होंने कहा कि हर जिले में प्रदर्शन हो रहा है।
टीआई पंचराज सिंह ने बताया कि प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन लेकर रास्ता खुलवा दिया गया है। फिलहाल हाईवे पर आवाजाही सामान्य है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।