रविवार, 15 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

करीना कपूर की पोस्ट पर विवाद, कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने भेजा लीगल नोटिस

पुरानी इमारत के बाहर लोग कागजों के साथ डेस्क पर काम कर रहे हैं, धूप है तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
कल्चर PT24 संस्कृति डेस्क

भोपाल की बेगमों के पेंडेंट को इंस्टाग्राम पोस्ट में पहनने पर कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने करीना कपूर खान को नोटिस भेजा है। उन्होंने पोस्ट हटाने और माफी की मांग की है।

अभिनेत्री करीना कपूर खान की एक इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने अपने वकील जफर के जरिए भोपाल कोर्ट के माध्यम से अभिनेत्री को लीगल नोटिस भेजा है।

अब्बास हफीज ने बताया कि करीना ने पोस्ट में जो गहने पहने हैं, उनमें एक पेंडेंट और एक कलगी शामिल है। ये दोनों भोपाल रियासत और राजपरिवार की विरासत का हिस्सा हैं। उनका कहना है कि कलगी या लिबास पहनने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।

आपत्ति पेंडेंट को लेकर है। अब्बास हफीज के मुताबिक यह पेंडेंट लगभग 400 साल पुराना है और उस पर पवित्र कुरान की आयतें उकेरी गई हैं। उन्होंने बताया कि इसे भोपाल की बेगमों, शाहजहां बेगम और सुल्तान जहां बेगम, ने अपनी आस्था और इबादत के लिए बनवाया था। यह किसी फैशन स्टेटमेंट या नुमाइश के लिए नहीं था।

उन्होंने कहा कि मुस्लिम समुदाय में कुरान की आयतों का बहुत सम्मान किया जाता है और लोग उन्हें बिना वज़ू किए छूते तक नहीं हैं। उनके अनुसार उलेमा भी गहने के रूप में कुरान के इस्तेमाल से मना करते आए हैं। इसलिए आस्था से जुड़ी चीज को इस तरह पहनकर दिखाना आपत्तिजनक है और इससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

नोटिस में उन्होंने मांग की है कि करीना कपूर उस विवादित पोस्ट को तुरंत डिलीट करें, माफी मांगें और आगे ध्यान रखें कि किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचे।

अब्बास हफीज ने यह भी साफ किया कि यह कदम उन्होंने किसी राजनीतिक दल या पद के नाते नहीं उठाया है। उनके मुताबिक यह उनका व्यक्तिगत मामला है और मुस्लिम समुदाय की आस्था से जुड़ा है। अगर पोस्ट नहीं हटाई गई और माफी नहीं मांगी गई, तो वे वकील से सलाह लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई करेंगे।

#इंदौर#कल्चर#PT24#Culture#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन