नरसिंहपुर में विवाहिता की मौत, मायके वालों ने ससुराल के सात लोगों पर लगाया हत्या का आरोप
नरसिंहपुर में डाली चौधरी की मौत के बाद उनके माता-पिता ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी। उन्होंने ससुराल के सात लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मर्ग की जांच कर रही है।
नरसिंहपुर जिले में एक विवाहिता की मौत के बाद उसके मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। मंगलवार को मृतका डाली चौधरी की मां हीराबाई चौधरी अपने पति भगवानदास चौधरी के साथ पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचीं और शिकायत दी।
शिकायत में नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।
शिकायत के मुताबिक डाली की शादी सामाजिक रीति-रिवाज से हुई थी। परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल के लोग दहेज में लाखों रुपये मांग रहे थे। मांग पूरी न होने पर डाली के साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी, और उसे मानसिक रूप से भी परेशान किया जाता था।
परिजनों का आरोप है कि 6 तारीख की रात आरोपियों ने मिलकर डाली के साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर दी। इसके बाद मामले को आत्महत्या जैसा दिखाने के लिए शव को साड़ी के सहारे पंखे से लटका दिया गया। परिजनों ने शिकायत में बताया कि अगले दिन वे मौके पर पहुंचे, तो शव के आसपास खून बिखरा हुआ मिला।
परिवार ने ससुर, सास और ननद समेत सात लोगों को नामजद किया है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इनमें से एक आरोपी पुलिस विभाग में पदस्थ है और अपने पद का फायदा उठाकर जांच को प्रभावित करने और सबूत दबाने की कोशिश कर रहा है।
परिजनों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा है कि आरोपियों पर दहेज हत्या और सबूत छिपाने की धाराओं में कार्रवाई की जाए।
इस बारे में एएसपी संदीप भूरिया ने बताया कि मर्ग की जांच की जा रही है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।