इंदौर में तीसरी मंजिल के कमरे में बिस्तर में लगी आग, 95 साल की बुजुर्ग महिला की मौत
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
हीरानगर थाना क्षेत्र के न्यू गायत्री नगर में सोमवार रात बिस्तर में आग लगने से झुलसी गुलबाई की इलाज के दौरान मौत हो गई। आग का कारण अभी साफ नहीं है।
इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक मकान की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में बिस्तर में आग लग गई। इस आग में झुलसने से 95 साल की बुजुर्ग महिला की जान चली गई। रात करीब साढ़े 11 बजे बिस्तर में आग लगी थी। महिला उस वक्त कमरे में सो रही थीं और कमरे का दरवाजा खुला हुआ था।
थाना प्रभारी कमल किशोर शर्मा के मुताबिक यह घटना न्यू गायत्री नगर (एमआर-10) की है। मृतका की पहचान 95 साल की गुलबाई के रूप में हुई है, जो रामसहाय नगरिया की पत्नी थीं। वे मकान की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में रहती थीं, जबकि मकान की पहली और दूसरी मंजिल पर किरायेदार रहते हैं।
गुलबाई के बेटे दीपक ने पुलिस को बताया कि वे अपनी पत्नी ममता के साथ नीचे रहते हैं। दीपक के मुताबिक वे रात में मां के पास ही सोते थे। रात में उन्हें धुआं उठता दिखाई दिया तो वे ऊपर तीसरी मंजिल पर पहुंचे। तब तक उनकी मां के पैर बुरी तरह झुलस चुके थे।
पुलिस ने गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। आग लगने का कारण अभी साफ नहीं हो पाया है।
बेटे दीपक ने आशंका जताई कि बाहर से किसी पटाखे की चिंगारी आकर बिस्तर पर गिरी होगी। वहीं थाना प्रभारी के अनुसार शुरुआती जानकारी में यह बात सामने आई है कि आग सबसे पहले चटाई में लगी थी। चटाई में प्लास्टिक होने की वजह से आग फैल गई और उसकी चपेट में आकर बुजुर्ग महिला के पैर झुलस गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक विशेषज्ञों से भी जांच कराई गई। हालांकि जांच के दौरान मौके से कोई पटाखा नहीं मिला। ऐसे में पुलिस अब आग लगने की वजहों की पड़ताल कर रही है।
पुलिस पटाखे वाले पहलू के साथ घटनाक्रम से जुड़े दूसरे तथ्यों की भी जांच कर रही है। यानी पुलिस हादसे के साथ अन्य आशंकाओं को भी ध्यान में रखकर आगे बढ़ रही है। पुलिस के अनुसार फिलहाल मौत के कारण और आग लगने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।