मंगलवार, 10 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

इंदौर के हीरानगर में दूसरी मंजिल पर बिस्तर में लगी आग, 95 साल की बुजुर्ग महिला की अस्पताल में मौत

रिहायशी गली में पुलिसकर्मी और एक आदमी जले हुए कमरे का मुआयना कर रहे हैं तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
PT24 इंदौर टीम

हीरानगर इलाके में सोमवार देर रात बिस्तर में आग लगने से झुलसी गुलबाई नरवरे को परिवार एमवाय अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। पुलिस ने जांच शुरू की है।

इंदौर के हीरानगर इलाके में सोमवार देर रात एक घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में बिस्तर में आग लग गई। आग की चपेट में आने से 95 साल की एक बुजुर्ग महिला के पैर झुलस गए। परिवार के लोग उन्हें इलाज के लिए एमवाय अस्पताल ले गए, लेकिन वहां रात करीब 3 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हीरानगर पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान गुलबाई नरवरे (95) के रूप में हुई है। वह गायत्री नगर की रहने वाली थीं। महिला चलने-फिरने में असमर्थ थीं और बहुत कम बोल पाती थीं।

उनके बेटे दीपक ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार रात करीब 11 बजे परिवार के लोग नीचे के कमरे में खाना खा रहे थे। इसी दौरान उन्हें घर में धुआं भरता दिखाई दिया। धुआं देखकर वे दूसरी मंजिल पर पहुंचे तो मां गुलबाई के बिस्तर में आग लगी हुई थी और आग से उनके पैर झुलस चुके थे। परिवार वालों ने तुरंत आग बुझाई और उन्हें लेकर एमवाय अस्पताल पहुंचे। वहां रात करीब 3 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दीपक के मुताबिक उनकी मां की उम्र काफी ज्यादा थी। वह चल-फिर नहीं सकती थीं और कम ही बोल पाती थीं, इसलिए घबराहट में मदद के लिए आवाज भी नहीं लगा पाईं। बेटे का कहना है कि ऊपर के कमरे में कोई ज्वलनशील चीज या दूसरा सामान नहीं रखा था और कमरे का दरवाजा खुला था। उन्हें आशंका है कि पटाखे की चिंगारी से वहां आग लगी होगी।

पुलिस को इस पूरे मामले की सूचना देर रात एमवाय अस्पताल से मिली थी। इसके बाद पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग की वजह के बारे में बेटे की आशंका ही सामने आई है।

#इंदौर#PT24#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन