इंदौर में चाकू से हमला, युवक का कान कटा; थाना क्षेत्र तय करने में उलझी रही पुलिस
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
इंदौर में गुरुवार रात दो बदमाशों के चाकू हमले में दीपेश चौरे का कान कट गया। पुलिस दो घंटे तक थाना क्षेत्र तय करने में लगी रही, फिर हीरानगर थाने में एफआईआर दर्ज हुई।
इंदौर में गुरुवार रात करीब 9 बजे दो बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में दीपेश चौरे नाम के युवक का कान कटकर अलग हो गया। घटना के बाद करीब दो घंटे तक पुलिस यही तय करने में उलझी रही कि मामला किस थाना क्षेत्र का है। इसके बाद हीरानगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई।
बताया गया है कि दीपेश का भाई गौरव कहीं पैसे देने जा रहा था। रास्ते में उसकी गाड़ी विक्का और हितेंद्र नाम के युवकों की गाड़ी से टकरा गई। गाड़ी टकराने को लेकर दोनों तरफ से विवाद हो गया। गौरव ने घर फोन किया और मदद के लिए दीपेश को बुला लिया। इसके बाद चाकू चले और दीपेश घायल हो गया।
घटना अनूप नगर के सामने की बताई जा रही है। सड़क पर मारपीट और चाकूबाजी देखकर आसपास के लोग दीपेश को बचाने पहुंच गए। वारदात के बाद आरोपी भागने लगे, तो लोगों ने उनका पीछा किया। भाग रहे एक बदमाश हितेश को लोगों ने पकड़ लिया। उसकी पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक विक्का पर हत्या के दो मामले दर्ज हैं। वह इससे पहले तुकोगंज और परदेशीपुरा इलाके में हत्या कर चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था। यह भी बताया जाता है कि विक्का कुख्यात बदमाश फौजी का गुर्गा है।
हमले में घायल दीपेश को उसके परिजन निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। बताया जा रहा है कि उसका कान पूरी तरह कटकर लटक गया है। डॉक्टरों के मुताबिक सर्जरी के बाद ही उसकी स्थिति साफ हो पाएगी।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।