इंदौर में 80 साल की रिटायर्ड शिक्षिका ने एप से मंगाई पांच किलो शक्कर, खाते से निकल गए 99 हजार रुपये
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
जेप्टो एप से शक्कर का ऑर्डर देने के बाद कस्टमर केयर के नाम पर हुई ठगी की शिकायत छोटी ग्वालटोली पुलिस तक पहुंची है।
इंदौर में ऑनलाइन किराना मंगाना एक 80 साल की बुजुर्ग महिला को बहुत महंगा पड़ गया। जेप्टो एप से पांच किलो शक्कर का ऑर्डर देने के बाद उनके खाते से 99 हजार रुपये निकल गए।
छोटी ग्वालटोली पुलिस के मुताबिक फिल्म कॉलोनी में रहने वाली 80 वर्षीय अरुणा व्यास ने बुधवार को साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह राजस्थान सरकार के शिक्षा विभाग की सेवा से रिटायर हुई हैं और फिलहाल इंदौर में रहती हैं।
महिला के मुताबिक उन्होंने जेप्टो एप पर पांच किलो शक्कर का ऑनलाइन ऑर्डर दिया था। डिलीवरी ब्वाय शक्कर लेकर पहुंचा तो उन्होंने कहा कि सामान का भुगतान ज्यादा लिया जा रहा है। इस पर डिलीवरी ब्वाय ने उन्हें ऑर्डर कैंसिल करने की सलाह दी और कहा कि कैंसिलेशन का नंबर गूगल से ले लें।
भुगतान की राशि को लेकर डिलीवरी ब्वाय से बात बिगड़ी थी। उसके बाद ठगों ने कस्टमर केयर के नाम पर ऐसा जाल बिछाया कि मोबाइल हैंग करके खाते से 99 हजार रुपये निकाल लिए गए। महिला ने गूगल से कस्टमर केयर के नंबर निकाले और कॉल लगाकर पूरी घटना बताई।
दूसरे दिन एक अन्य नंबर से कॉल आया और कॉल करने वाले ने उनसे शिकायत की प्रक्रिया पूरी करने को कहा। महिला के मुताबिक यह नंबर ठग का था और उसने करीब 34 मिनट तक उन्हें उलझाए रखा। उसने यह भी कहा कि पैसे वापस आ जाएंगे।
बैलेंस चेक करने पर महिला को पता चला कि खाते से एक बार में 95 हजार रुपये और दूसरी बार में चार हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। इस तरह कुल 99 हजार रुपये उनके खाते से चले गए।
एक और मामले में एमआईजी पुलिस ने भी धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। यह शिकायत कृष्णबाग में रहने वाली 50 वर्षीय वंदना आनंद कुमार की है। वंदना कोचिंग सेंटर पर कंप्यूटर क्लास लेती हैं।
उन्होंने पुलिस को बताया कि आरोपितों ने उनके खाते से एक लाख रुपये से ज्यादा निकाल लिए। ठगी का पता बैंक से मिले मैसेज से चला। ठग ने 20 से ज्यादा बार ट्रांजेक्शन किया था।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।