इंदौर के रंगमंच से जुड़े जयंत भिसे नहीं रहे, सानंद के संस्थापक का गुरुवार सुबह निधन
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
सानंद संस्था के संस्थापक और भारत भवन, भोपाल के न्यासी जयंत भिसे का गुरुवार सुबह निधन हो गया। वे लंबे समय से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे।
इंदौर में संस्कृति, कला और रंगमंच को नई पहचान दिलाने वाले वरिष्ठ संस्कृति अध्येता जयंत भिसे का गुरुवार की सुबह निधन हो गया। वे संस्था सानंद के संस्थापक थे। लंबे समय से वे गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे। कुछ दिन पहले तबीयत बिगड़ी तो उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके जाने की खबर से शहर के सांस्कृतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है।
भिसे उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत समारोह और कला अकादमी के पूर्व निदेशक भी रहे थे। राज्य शासन ने कुछ माह पहले ही उन्हें भारत भवन, भोपाल का न्यासी नियुक्त किया था। कला और संस्कृति के क्षेत्र में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
इंदौर में रंगमंच को बढ़ावा देने के मकसद से भिसे ने सानंद की स्थापना की थी। उनके नेतृत्व में संस्था ने शहर की सांस्कृतिक गतिविधियों और नाट्य आयोजनों को नई ऊंचाई दी। सानंद के जरिए सालभर नाटक, कला और संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम होते थे। एक साल में सबसे ज्यादा आयोजन कराने का रिकॉर्ड भी संस्था के नाम रहा।
राजनीति में भी सक्रिय रहे। जयंत भिसे बैंक में नौकरी करते थे, लेकिन बाद में नौकरी छोड़कर उन्होंने राजनीति और सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई। वे पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के समर्थकों में गिने जाते थे। इसके बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और विधायक उषा ठाकुर से भी उनके राजनीतिक संबंध रहे।
उनकी अंतिम यात्रा शालीमार टाउनशिप स्थित निवास से रामबाग के लिए निकलेगी। परिवार में पत्नी और एक बेटा है। उनके निधन पर शहर के गणमान्य नागरिकों और कला-साहित्य जगत से जुड़े लोगों ने शोक जताया है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।