इंदौर के खजराना में कृष्णबाग कॉलोनी के 70 मकान हटाने की तैयारी पूरी, हाई कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
खजराना की कृष्णबाग कॉलोनी में हाई कोर्ट के आदेश पर प्रशासन 70 मकान हटाने जा रहा है। कार्रवाई मंगलवार या बुधवार को प्रस्तावित है, रहवासी तीन दिन धरना दे चुके हैं।
इंदौर के खजराना में सर्वे नंबर 66/2 पर बनी कृष्णबाग कॉलोनी के 70 मकानों पर बुलडोजर चलाने की तैयारी प्रशासन ने पूरी कर ली है। जमीन की पैमाइश की जा चुकी है। इसके अलावा लोगों को नोटिस भी दिए गए हैं और उनसे कहा गया है कि वे अपना निर्माण खुद हटा लें।
सोमवार शाम एसडीएम धनश्याम धनगर एक बार फिर कॉलोनी पहुंचे। उन्होंने रहवासियों को बताया कि हाई कोर्ट के आदेश के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस बल कितना मिल पाता है, इसके हिसाब से कार्रवाई मंगलवार या बुधवार को प्रस्तावित की गई है।
मामला हाई कोर्ट के आदेश से जुड़ा है। कोर्ट ने सर्वे नंबर 66/2 की कृष्णबाग कॉलोनी की जमीन का असली मालिक श्रीराम बिल्डर शशिभूषण खंडेलवाल को माना है। साथ ही प्रशासन को निर्देश दिया है कि 30 दिन के अंदर इस जमीन से अवैध कब्जे हटाए जाएं। यह समय सीमा 26 नवंबर को खत्म हो रही है। इसी वजह से प्रशासन ने अवैध निर्माण हटाने की तैयारी पूरी की है।
एसडीएम धनगर बीते तीन दिनों से लगातार रहवासियों के बीच जा रहे हैं। वे उन्हें समझा रहे हैं कि मकान खुद हटा लें, ताकि प्रशासन की कार्रवाई में घर के सामान का नुकसान न हो। यहां 2024 में भी हाई कोर्ट के निर्देश पर प्रशासन ने सात मकान हटाए थे।
उधर रहवासियों ने कार्रवाई रुकवाने के लिए लगातार तीन दिन रीगल चौराहे पर धरना दिया। धरने में महिलाएं और पुरुष सभी मौजूद रहे। रहवासी नारायण यादव और गौरी सिंह का कहना है कि उनका पक्ष सुना ही नहीं गया। उनके मुताबिक उन्हें संबंधित दस्तावेज पेश करने का पूरा मौका भी नहीं मिला।
रहवासियों का कहना है कि उन्होंने जीवनभर की कमाई लगाकर प्लाट खरीदे और उनकी रजिस्ट्री भी करवाई। उनका सवाल है कि जिन लोगों ने प्लाट बेचे, उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका यह भी कहना है कि मकान टूट गए तो वे अपने परिवार को लेकर कहां जाएंगे।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।