भिंड जिला अस्पताल में मरीज के पलंग पर जूता रखकर पर्चा लिखते डॉक्टर का वीडियो आया सामने
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
भिंड जिला अस्पताल के डॉ. विनीत गुप्ता का चार सेकंड का वीडियो सामने आया है। डॉक्टर का कहना है कि कमर दर्द की वजह से गलती से जूता पलंग पर रख गया।
भिंड के जिला अस्पताल का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक डॉक्टर मरीज के पलंग पर जूते सहित पैर रखकर पर्चे पर दवा लिखते दिख रहे हैं। यह वीडियो सिर्फ चार सेकंड का है और इसे 4 नवंबर का बताया जा रहा है।
वीडियो में नजर आ रहे डॉक्टर अस्पताल में पदस्थ डॉ. विनीत गुप्ता हैं। वे वार्ड में मरीजों को देखने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने एक मरीज के पलंग पर जूते सहित पैर रख दिया और उसी स्थिति में पर्चे पर दवा लिखने लगे।
वीडियो सामने आने के बाद डॉक्टर के व्यवहार पर सवाल उठ रहे हैं। अस्पताल में भर्ती मरीज पहले से ही बीमारी और तकलीफ से जूझ रहे होते हैं। ऐसे में डॉक्टर के इस बर्ताव को मरीज के सम्मान के लिहाज से ठीक नहीं माना जा रहा है।
इस वीडियो को लेकर डॉ. विनीत गुप्ता ने अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि वार्ड विजिट के दौरान उनकी कमर में दर्द हो रहा था, इसी वजह से गलती से जूता पलंग पर रख गया। उनका कहना था कि यह सामान्य बात है।
डॉ. गुप्ता ने कहा, "मरीजों की सेवा करना हमारा धर्म है और हम अपने धर्म का पालन करते हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग उनके पीछे लगे हैं और छोटी-छोटी बातों को उजागर करके उन्हें नीचा दिखाने की कोशिश कर रहे हैं।
डॉ. विनीत गुप्ता इससे पहले भी विवादों में आ चुके हैं। पिछले दिनों उनके निजी अस्पताल में एक बच्ची की मौत का मामला सामने आया था। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उनके निजी अस्पताल को बंद करा दिया था। अब जिला अस्पताल में मरीज के पलंग पर जूते सहित पैर रखने का वीडियो सामने आने के बाद वे फिर चर्चा में हैं।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।