भोपाल में 2 हजार रुपये के उधार पर ऑटो चालक की मौत, हमले के आरोपी पर अब हत्या की धारा
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
शाहजहांनाबाद में लोहे के पाइप से हुए हमले में घायल सीएनजी ऑटो चालक राजेश यादव ने तीन दिन बाद हमीदिया अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस अब मामले में हत्या की धारा जोड़ेगी।
भोपाल के शाहजहांनाबाद इलाके में करीब 2 हजार रुपये के उधार को लेकर हुए हमले में घायल सीएनजी ऑटो चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे हमीदिया अस्पताल में उसने दम तोड़ा। वह तीन दिन तक जिंदगी और मौत के बीच जूझता रहा।
मृतक की पहचान 38 साल के राजेश यादव के रूप में हुई है। वह सत्यनारायण यादव के बेटे थे और शाहजहांनाबाद क्षेत्र में पानी की टंकी के पास संजय नगर में रहते थे। राजेश सीएनजी ऑटो चलाकर परिवार का गुजारा करते थे। उनकी पत्नी की करीब आठ साल पहले जलने से मौत हो चुकी है। उनके दो बच्चे हैं, जो दीपावली पर नानी के घर गए हुए थे। हमले के वक्त राजेश घर में अकेले थे, हालांकि पड़ोस में रहने वाले उनके छोटे भाई का बच्चा घर में मौजूद था।
पुलिस के मुताबिक मोहल्ले में रहने वाले एक व्यक्ति से राजेश ने करीब 2 हजार रुपये उधार लिए थे। वह व्यक्ति रकम लौटाने के लिए लगातार उन पर दबाव बना रहा था। 9 नवंबर की रात करीब 2 बजे आरोपी इसी विवाद को लेकर राजेश के घर पहुंचा। आरोप है कि उसने घर में घुसकर गाली-गलौज शुरू की और फिर लोहे के पाइप से राजेश पर ताबड़तोड़ वार किए। सिर, हाथ और पैरों में उन्हें गंभीर चोटें आईं और वे मौके पर ही बेसुध हो गए।
इस मामले में शिकायत करने वाली सुलोचना यादव ने पुलिस को बताया कि वे एम्स अस्पताल में काम करती हैं। रात करीब 2 बजे उनकी भतीजी ने मोबाइल पर फोन करके बताया कि आरोपी उनके बड़े पापा के साथ मारपीट कर रहा है। भतीजी के मुताबिक आरोपी पुराने पैसों के लेनदेन को लेकर घर में घुसा था और गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड से हमला कर रहा था। चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग पहुंचे और बीच-बचाव किया। आरोप है कि जाते समय आरोपी धमकी दे गया कि अगर उसके पैसे वापस नहीं किए गए तो वह जान से खत्म कर देगा।
कुछ देर बाद राजेश का छोटा भाई घर पहुंचा तो उसने राजेश को बेसुध हालत में पड़ा देखा। उनकी सांसें तेज चल रही थीं। परिजन उन्हें तुरंत हमीदिया अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने भर्ती करके इलाज शुरू किया। हालत गंभीर होने से उन्हें लगातार डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया, लेकिन गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई।
शाहजहांनाबाद पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पहले हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। अब राजेश की मौत के बाद पुलिस प्रकरण में हत्या की धारा बढ़ाने सहित आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।