गुरूवार, 19 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

भोपाल के वैशाली नगर के पानी में ई-कोलाई, कांग्रेस पार्षदों ने कमिश्नर से की कार्रवाई की मांग

रिहायशी गली में लोग नल से पानी के नमूने भर रहे हैं, दिन का उजाला तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
PT24 इंदौर टीम

वैशाली नगर के नल के पानी में ई-कोलाई बैक्टीरिया मिलने पर कांग्रेस पार्षदों ने कमिश्नर कर्मवीर शर्मा से मिलकर दोषियों पर कार्रवाई मांगी। नगर निगम ने सैंपलिंग तेज कर दी है।

भोपाल के वैशाली नगर में नल के पानी में ई-कोलाई बैक्टीरिया मिलने के बाद मामला राजनीतिक रूप से भी गरमा गया है। मंगलवार को कांग्रेस के पार्षदों ने नगर निगम कमिश्नर कर्मवीर शर्मा से मुलाकात की। उनका कहना था कि नगर निगम लोगों को गंदा पानी पिला रहा है और जिम्मेदार लोगों पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए।

कमिश्नर से मिलने वालों में निगम में नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी और पार्षद योगेंद्र सिंह गुड्डू चौहान के साथ कुछ और पार्षद भी थे। उन्होंने पीने के पानी की व्यवस्था में गंभीर गड़बड़ियों, वैशाली नगर में ई-कोलाई मिलने, पानी की गुणवत्ता में लापरवाही और लोगों की सेहत से जुड़े मुद्दों पर कमिश्नर से बात की। ज्ञापन देकर पूरे जल वितरण तंत्र की उच्च स्तरीय जांच, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और लोगों को साफ पानी देने की मांग की गई।

बैक्टीरिया का पता 14 नवंबर को चला, जब वैशाली नगर में नल से आ रहे पानी की जांच में खतरनाक ई-कोलाई (E. coli) मिला। यह वही जानलेवा बैक्टीरिया है, जिससे इंदौर के भागीरथपुरा में 36 लोगों की मौत हुई थी। यह जांच इलाके के रहने वाले विवेक राय ने अपने स्तर पर कराई थी। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (PCB) की स्टेट रिसर्च लैब की रिपोर्ट चौंकाने वाली रही। सरकारी लैब की रिपोर्ट में बैक्टीरिया की पुष्टि होने के बाद कॉलोनी के करीब 200 परिवारों ने नल का पानी पीना बंद कर दिया और वे बाजार से बोतलबंद पानी खरीदने लगे।

मामला सामने आने के बाद नगर निगम ने सैंपलिंग तेज कर दी है। अपर आयुक्त तन्मय वशिष्ठ खुद निगरानी कर रहे हैं। वे जल कार्य विभाग के अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग और दूसरे वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वैशाली नगर पहुंचे और पानी के सैंपल लिए। निगम की टीम ने मकान नंबर 129, 127, 118, 117, 115, 109, 100, 34, 33, 15 और 02 से कुल 11 सैंपल लैब भेजे हैं। इससे पहले 14 नवंबर को 16 और 15 नवंबर को 16 सैंपल लिए गए थे।

निगम का दावा है कि मौके पर हुई जांच में पीने का पानी साफ पाया गया। सैंपल में किसी तरह की बदबू नहीं मिली और पर्याप्त मात्रा में रेसीड्यूल क्लोरीन भी मिली। लीकेज से सीवेज का पानी मिलने की आशंका जताई गई है।

भोपाल में ई-कोलाई पहले भी मिल चुका है। खासकर गैस फैक्ट्री के आसपास और ईदगाह इलाके के नियामतपुर में गंदे पानी की समस्या बनी हुई है। साल 2022 में भी क्लोरिनेशन के बावजूद पानी में बैक्टीरिया मिलने पर निगम की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे थे।

#इंदौर#PT24#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन