गुरूवार, 19 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

खंडवा के आईमिल चौराहे पर मजार हटाने की कार्रवाई रुकी, भीड़ ने मजार वापस रखी

दिन की रोशनी में पुलिस बैरिकेड लगाकर खड़ी है, भीड़ हरे गुंबद वाले मज़ार के पास जुटी है तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
शहर PT24 शहर डेस्क

खंडवा में सड़क चौड़ीकरण के लिए मजार हटाई जा रही थी, तभी सैकड़ों लोग जुट गए। प्रशासन और मुस्लिम पक्ष में बातचीत चल रही है और मौके पर भारी पुलिस फोर्स है।

खंडवा शहर के मानसिंगका आईमिल चौराहे पर मंगलवार दोपहर मजार हटाने की कार्रवाई के दौरान हंगामे जैसे हालात बन गए। नगर निगम की जेसीबी मशीन बुलाकर मजार को हटाया जा रहा था। इसी बीच सैकड़ों मुस्लिम लोग वहां जुट गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे।

भीड़ ने मजार को अपने कब्जे में ले लिया और उसे वापस उसी जगह रख दिया। प्रशासन को मौके से जेसीबी मशीन हटानी पड़ी। फिलहाल प्रशासन और मुस्लिम पक्ष के बीच बातचीत चल रही है।

मौके पर शहरकाजी, सिटी मजिस्ट्रेट और भारी पुलिस फोर्स मौजूद है। कई थानों से बल बुला लिया गया है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम को लेकर मुस्तैद है। पुलिस की ओर से कार्रवाई का नेतृत्व सीएसपी अभिनव बारंगे कर रहे हैं। उधर मुस्लिम समाज के सैकड़ों युवा मजार के आसपास जुटे हुए हैं।

सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर के मुताबिक मास्टर प्लान के आधार पर सड़क का चौड़ीकरण होना है। रास्ते में मजार का हिस्सा 8 से 10 फीट भीतर आ रहा है। मजार से लगी एक मिल की ऊंची दीवार है, जिसे तोड़ना है। दीवार का मलबा मजार पर गिरता तो वह क्षतिग्रस्त हो सकती थी। इसलिए सबसे पहले मजार को हटाने की कार्रवाई की जा रही थी और दीवार बाद में तोड़ी जानी थी। उनके अनुसार मजार हटा ली गई थी, फिर उसे रख दिया गया। लोगों को आपत्ति है, इसलिए उन्हें बातचीत का मौका दिया गया है।

मौके पर पहुंचे शहरकाजी सैयद निसार अली ने कहा कि हजरत कासमशाह वली की मजार काफी पुरानी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन पूरी तरह सुपारी लेकर काम कर रहा है।

शहरकाजी का कहना था कि यह रास्ता पहले से चौड़ा है। अगर चौड़ीकरण किया जा रहा है, तो प्रशासन पूरी योजना बताए। प्रशासन यह भी बताए कि अतिक्रमण कहां से कहां तक चिह्नित किया गया है। उन्होंने कहा कि सरेआम दिख रहा है कि वहां एक बड़ा सा शॉपिंग मॉल और मार्केट बना हुआ है, और इस मार्केट के कारोबारी से मिलकर अधिकारी काम कर रहे हैं।

#इंदौर#शहर#PT24#Civic#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन