खंडवा जिला अस्पताल के एसएनसीयू में 28 दिन के इलाज के बाद खालवा का नवजात स्वस्थ, छुट्टी मिली
जन्म के बाद न रोने और झटके आने पर खालवा से खंडवा लाए गए नवजात को एसएनसीयू में वेंटिलेटर और सीपेप पर रखा गया। डॉक्टर के मुताबिक अब वह स्वस्थ है।
खंडवा के जिला अस्पताल के एसएनसीयू में करीब 28 दिन तक भर्ती रहे एक नवजात को छुट्टी दे दी गई है। अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ के मुताबिक बच्चा अब पूरी तरह स्वस्थ है। जन्म के बाद वह रोया नहीं था।
मामला खालवा का है। पिछले दिनों सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खालवा में एक महिला प्रसव के लिए भर्ती हुई थी। वहां बच्चे का जन्म हुआ, लेकिन वह जन्म के बाद रोया नहीं। खालवा अस्पताल के डॉक्टर ने सलाह दी कि बच्चे को खंडवा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया जाए, ताकि विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज हो सके।
परिजन नवजात को लेकर जिला अस्पताल खंडवा पहुंचे। यहां बच्चे को एसएनसीयू वार्ड में भर्ती किया गया और डॉक्टरों व स्टाफ की लगातार निगरानी में उसका इलाज चला।
एसएनसीयू के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. कृष्णा वास्केल ने बताया कि जन्म के बाद बच्चे के न रोने और झटके आने की वजह से उसे एसएनसीयू में भर्ती करना पड़ा। उसे सांस लेने में भी परेशानी हो रही थी, इसलिए एक सप्ताह तक वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। इसके बाद एक सप्ताह सीपेप मशीन पर रखा गया।
डॉ. वास्केल के मुताबिक बच्चा बहुत गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था, लेकिन उनकी टीम की नियमित मॉनिटरिंग से वह सभी जटिलताओं से बाहर आ गया और अब पूरी तरह स्वस्थ है। उन्होंने बताया कि बच्चे को लगभग 28 दिन तक भर्ती रखा गया और पूरी तरह ठीक होने पर अब छुट्टी दे दी गई है।
बच्चे के माता-पिता एसएनसीयू की व्यवस्थाओं और सुविधाओं से काफी खुश हैं। उन्होंने इलाज की बेहतर सुविधाओं के लिए डॉक्टरों और स्टाफ का बहुत धन्यवाद किया। पिता ने कहा कि बच्चे की गंभीर हालत देखकर वे बहुत घबरा गए थे, लेकिन समय पर अच्छा इलाज मिलने से उनका बेटा अब स्वस्थ हो गया है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।