वियतनाम में साल में एक बार लगता है 'लव मार्केट', पुराने पार्टनर से मिलने आते हैं लोग
वियतनाम के खाऊ वाई में साल में एक बार भरने वाले इस अनोखे बाजार में लोग अपने एक्स से मिलने पहुंचते हैं।
दुनियाभर में प्यार को लेकर तरह-तरह की परंपराएं निभाई जाती हैं, लेकिन वियतनाम की एक परंपरा सुनकर आपको हैरानी हो सकती है। यह परंपरा एक्स यानी पुराने पार्टनर से जुड़ी हुई है। वियतनाम के खाऊ वाई में एक 'लव मार्केट' का आयोजन होता है, जो आम बाजारों से बिलकुल अलग है। यहां भावनाओं, पुरानी यादों और स्थानीय संस्कृति का मेल देखने को मिलता है। साल में सिर्फ एक बार लगने वाले इस बाजार में लोग अपने पुराने पार्टनर यानी एक्स से मिल सकते हैं और उनसे बातचीत कर सकते हैं।
यह अनोखा मार्केट उत्तर वियतनाम के गियांग इलाके में लगता है। यहां अलग-अलग समुदायों के लोग एक साथ इकट्ठा होते हैं। इस जगह की खास बात यह है कि यहां पुराने प्रेमी एक-दूसरे से मिलते हैं, आपस में बातचीत करते हैं और अपने मन की बात कहकर रिश्ते की अच्छी यादों को फिर से ताजा करते हैं। वियतनाम में इस मुलाकात को एक सामाजिक और सांस्कृतिक परंपरा के तौर पर देखा जाता है।
खाऊ वाई के इस लव मार्केट की जड़ें एक अधूरी प्रेम कहानी से जुड़ी बताई जाती हैं। यह कहानी दो अलग समुदायों के प्रेमियों की है। दोनों एक-दूसरे से बेइंतहा प्यार करते थे, लेकिन पारिवारिक और सामाजिक वजहों से उनकी शादी नहीं हो पाई। कहा जाता है कि अलग होने से पहले दोनों ने हर साल एक बार खाऊ वाई में मिलने का फैसला किया था। आज भी यही कहानी इस आयोजन की सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ी मानी जाती है।
इस लव मार्केट में सिर्फ पुराने प्रेमी ही नहीं आते, बल्कि जीवनसाथी की तलाश में निकले शादीशुदा लोग भी यहां पहुंचते हैं। कई परिवार भी इसमें शामिल होते हैं। यानी यह आयोजन सिर्फ पुराने रिश्तों तक सीमित नहीं है, बल्कि पुराने लोगों से मिलने और नए रिश्तों की शुरुआत के लिहाज से भी यह एक अहम जगह बन जाती है।
जानकारी के मुताबिक, इस कार्यक्रम का आयोजन अप्रैल से मई महीने के बीच किया जाता है। यहां होने वाली मुलाकात का मतलब रिश्ते को फिर से शुरू करना नहीं होता। इसका मकसद पुरानी बुरी यादों को भुलाकर नए सिरे से अच्छी यादों को याद करना और अपने पुराने रिश्तों का सम्मान करना है।