Vi का बड़ा ऐलान: पोस्टपेड-प्रीपेड ग्राहकों को 170 से ज्यादा देशों में मिलेगा फ्री इंटरनेशनल रोमिंग
कंपनी ने साल में तीन विदेश यात्राओं तक फ्री रोमिंग की सुविधा देने का ऐलान किया है, जिससे ग्राहकों के हजारों रुपये बच सकते हैं।
देश की बड़ी टेलिकॉम कंपनियों में शामिल Vi ने अपने ग्राहकों के लिए एक बड़ी सुविधा का ऐलान किया है। कंपनी ने अपने पोस्टपेड, प्रीपेड और एंटरप्राइज प्लान वालों को 170 से ज्यादा देशों में फ्री इंटरनेशनल रोमिंग देने की घोषणा की है। यह सब कंपनी के नए ब्रांड वादे 'वी पे हैं सब वीआईपी' के तहत किया जा रहा है।
अब से विदेश यात्रा पर जाने वाले Vi ग्राहकों को कोई एक्स्ट्रा फीस चुकाए बिना यह रोमिंग सुविधा मिलेगी। कंपनी का कहना है कि इस फैसले से 170 से अधिक देशों में सफर करते वक्त ग्राहक और उनके परिवार वाले आसानी से और पूरी तरह मुफ्त एक-दूसरे के संपर्क में रह सकेंगे। इस पूरे कॉन्सेप्ट को सामने लाने के लिए एक नया टीवी विज्ञापन भी बनाया गया है, जिसमें एक्टर शाहरुख खान नजर आ रहे हैं।
दरअसल पिछले कई सालों से विदेश जाने वाले लोगों के लिए वहां मोबाइल कनेक्टिविटी बनाए रखना एक बड़ी दिक्कत रही है। लोगों को एक से ज्यादा सिम कार्ड साथ रखने पड़ते थे, यात्रा से पहले लोकल या ट्रैवल सिम खरीदनी पड़ती थी, अपना असली इंडियन मोबाइल नंबर इस्तेमाल करने का ऑप्शन नहीं मिलता था, जरूरी बैंक या लॉगिन ओटीपी नहीं आते थे, असुरक्षित पब्लिक वाई-फाई पर निर्भर रहना पड़ता था और कागजी झंझट के अलावा भारी-भरकम रोमिंग बिल की टेंशन अलग रहती थी। यात्रियों की इसी परेशानी को देखते हुए Vi ने यह अहम फैसला लिया है।
कंपनी के मुताबिक, अब पोस्टपेड, प्रीपेड और एंटरप्राइज ग्राहकों को साल भर में तीन विदेश यात्राओं तक मुफ्त इंटरनेशनल रोमिंग का फायदा मिलेगा। इसमें अलग-अलग प्लान के हिसाब से इंटरनेशनल डेटा लिमिट और आउटगोइंग कॉलिंग मिनट्स भी शामिल रहेंगे। Vi का दावा है कि इस फैसले से ग्राहक साल भर में करीब 9,000 रुपये तक की बचत कर सकेंगे।
यह सुविधा पाने के लिए ग्राहकों को Vi ऐप खोलकर 'इंटरनेशनल रोम-फ्री प्लान' सेक्शन में जाकर एलिजिबल प्लान चुनना होगा। इसके बाद वे विदेश में रहते हुए फ्री इंटरनेशनल कनेक्टिविटी का फायदा उठा सकेंगे। इस नई सुविधा में 501 रुपये से शुरू होने वाले पोस्टपेड प्लान, सालाना अनलिमिटेड डेटा वाले प्रीपेड प्लान और एंटरप्राइज ग्राहकों के लिए 451 रुपये से शुरू होने वाले कॉर्पोरेट प्लान शामिल हैं।