उत्तर पश्चिम रेलवे में 2008 अप्रेंटिस स्लॉट, बिना लिखित परीक्षा होगा चयन
उत्तर पश्चिम रेलवे ने एक्ट अप्रेंटिस रिक्रूटमेंट 2026 के तहत 2008 ट्रेनिंग स्लॉट निकाले हैं। ऑनलाइन अर्जी 7 अक्टूबर से शुरू होगी और 6 नवंबर तक चलेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे ने 'एक्ट अप्रेंटिस रिक्रूटमेंट 2026' के तहत कुल 2008 ट्रेनिंग स्लॉट की घोषणा की है। इन पदों के लिए ऑनलाइन अर्जी की प्रक्रिया 7 अक्टूबर से शुरू होगी। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार 6 नवंबर तक ऑनलाइन अर्जी दे सकेंगे।
अर्जी रेलवे रिक्रूटमेंट सेल, जयपुर की आधिकारिक वेबसाइट rrcjaipur.in पर जाकर करनी होगी। यह भर्ती अप्रेंटिस एक्ट 1961 के तहत 2026-27 सत्र के लिए हो रही है। स्लॉट उत्तर पश्चिम रेलवे के अलग-अलग विभागों और वर्कशॉप में हैं, जिनमें अजमेर, बीकानेर, जयपुर और जोधपुर से जुड़ी यूनिट शामिल हैं।
कुल 2008 स्लॉट 8 यूनिट में बंटे हैं। सबसे ज्यादा 580 स्लॉट जयपुर डिवीजन में हैं। बीकानेर डिवीजन में 524 और अजमेर डिवीजन में 500 स्लॉट हैं। जोधपुर डिवीजन में 134, बीटीसी कैरिज अजमेर में 101, बीटीसी लोको अजमेर में 69, कैरिज वर्कशॉप बीकानेर में 33 और कैरिज वर्कशॉप जोधपुर में 67 स्लॉट हैं।
इन स्लॉट में कई ट्रेड शामिल हैं, जैसे इलेक्ट्रीशियन, फिटर, वेल्डर, कारपेंटर, पेंटर, मेसन, पाइप फिटर, डीजल मैकेनिक, टर्नर, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक, कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (COPA), मैकेनिक टूल मेंटेनेंस और रेफ्रिजरेटर एंड एयर कंडीशनर।
पढ़ाई की शर्त यह है कि उम्मीदवार ने मान्यता प्राप्त बोर्ड से कम से कम 50 प्रतिशत नंबरों के साथ 10वीं पास की हो। नंबरों में किसी तरह की राउंडिंग नहीं मानी जाएगी। इसके अलावा संबंधित ट्रेड में नेशनल ट्रेड सर्टिफिकेट (NTC) होना जरूरी है, जो NCVT या SCVT से जारी हुआ हो।
उम्र 6 नवंबर 2026 को कम से कम 15 साल और ज्यादा से ज्यादा 24 साल होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग को नियम के मुताबिक ऊपरी उम्र में छूट मिलेगी। SC और ST उम्मीदवारों को 5 साल, OBC को 3 साल और दिव्यांग (PwBD) उम्मीदवारों को 10 साल की छूट दी गई है।
इस भर्ती की बड़ी बात यह है कि चयन के लिए कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी। 10वीं और संबंधित ट्रेड के आईटीआई (ITI) में मिले नंबरों के आधार पर मेरिट लिस्ट बनेगी। दोनों के प्राप्तांकों का प्रतिशत देखकर यूनिट, ट्रेड और कैटेगरी के हिसाब से आखिरी चयन होगा। नंबर बराबर होने पर ज्यादा उम्र वाले उम्मीदवार को तरजीह मिलेगी।
अर्जी देने के लिए सबसे पहले rrcjaipur.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। फिर लॉगइन करके अर्जी में निजी और पढ़ाई से जुड़ी सारी जानकारी भरनी होगी। मांगे गए जरूरी कागजात अपलोड करने होंगे और तय अर्जी फीस जमा करनी होगी। फीस जमा होने के बाद फॉर्म सबमिट करें और कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करके संभालकर रख लें।