उमरेड में WCL का सीनियर ओवरसियर 40 हजार की रिश्वत लेते CBI के हाथों गिरफ्तार
CBI नागपुर शाखा ने उमरेड के गंगापुर चौक के पास पवन नखाते को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया।
नागपुर जिले के एक सिविल कांट्रैक्टर का 25.35 लाख रुपये का बिल पास करवाने के लिए रिश्वत मांगना वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) के एक सीनियर ओवरसियर को भारी पड़ गया। CBI की नागपुर शाखा ने उन्हें रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तार किए गए सीनियर ओवरसियर का नाम पवन नखाते है। वे उमरेड क्षेत्र के गोकुल मुरपार सब एरिया में तैनात थे। CBI ने यह कार्रवाई बुधवार को उमरेड के गंगापुर चौक के पास की। नखाते को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। इस कार्रवाई के बाद WCL में हड़कंप मच गया।
CBI के अनुसार, एक ठेकेदार ने 29 सितंबर को नखाते के खिलाफ शिकायत की थी। इस ठेकेदार को WCL की तरफ से पीरवा गांव के पुनर्वास स्थल पर पीने के पानी की व्यवस्था का ठेका मिला था। काम में दो बोरवेल बनाना, सबमर्सिबल पंप लगाना, इंटरनल मेन लाइन डालना और डिस्ट्रीब्यूशन पाइपलाइन बिछाना शामिल था।
अधिकारियों की डिमांड पर ठेकेदार ने ठेका जारी होने से पहले ही काम शुरू कर दिया था। कुछ कामों पर अधिकारियों ने रोक भी लगाई थी। काम पूरा होने के बाद ठेकेदार ने तीसरे बिल के भुगतान की प्रक्रिया शुरू की। इस बिल की कुल रकम 25.35 लाख रुपये थी।
शिकायत के अनुसार, नखाते ने करीब 22 लाख रुपये के भुगतान के लिए 50 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी। ठेकेदार ने इसकी शिकायत CBI से की।
29 सितंबर को एक स्वतंत्र गवाह की मौजूदगी में शिकायत का सत्यापन किया गया। इस दौरान नखाते ने कथित तौर पर करीब 22 लाख रुपये के भुगतान का लगभग 2 टका, यानी 44,000 रुपये मांगे। इसके अलावा उन्होंने पहले से बकाया 10 हजार रुपये भी मांगे। इस तरह कुल मांग 54 हजार रुपये तक पहुंच गई।
बातचीत के बाद नखाते ने कथित तौर पर रिश्वत की रकम घटाकर 50 हजार रुपये कर दी। मांग की पुष्टि होने पर CBI ने जाल बिछाया।
नखाते उमरेड के गंगापुर चौक के पास शिकायतकर्ता से मिलने पहुंचे। वहीं उन्होंने 40,000 रुपये की रिश्वत स्वीकार की और CBI के जाल में फंस गए। टीम ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।