ट्रम्प का ऐलान: मेडिकेयर पार्ट बी वाले बुजुर्गों को मिलेंगे 90 डॉलर
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मेडिकेयर पार्ट बी के पात्र लाभार्थियों को 90 डॉलर की एकमुश्त रकम देने की घोषणा की है।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मेडिकेयर पार्ट बी के पात्र लाभार्थियों को 90 डॉलर की एकमुश्त रकम देने का ऐलान किया है। भारतीय करेंसी में यह रकम करीब 8,669 रुपये बैठती है। देश में ऐसे पात्र लाभार्थियों की गिनती 20.8 मिलियन, यानी करीब 2.08 करोड़ बताई गई है। यह घोषणा US Midterms 2026 के माहौल में आई है।
यह रकम बुजुर्गों को उनके मेडिकल इंश्योरेंस के अक्टूबर महीने का प्रीमियम भरने में मदद के तौर पर दी जाएगी। पैसा 'मेडिकेयर इम्प्रूवमेंट फंड' से आएगा। अमेरिकी सरकार के मुताबिक इससे बुजुर्गों पर पड़ने वाला सेहत के खर्च का अतिरिक्त बोझ कुछ हल्का होगा।
2026 में मेडिकेयर पार्ट बी का आम मासिक प्रीमियम 202.90 डॉलर है। यानी 90 डॉलर की यह मदत पूरा प्रीमियम नहीं भरेगी, लेकिन अक्टूबर के मेडिकल खर्च में बुजुर्गों को अच्छी राहत जरूर देगी।
ट्रम्प प्रशासन ने इस मदत के लिए कुछ शर्तें साफ की हैं। यह सबको एक जैसी नहीं मिलेगी, सिर्फ नियमों में फिट बैठने वालों को ही दी जाएगी। पहली शर्त यह है कि लाभार्थी अमेरिका का मूल निवासी हो और उसने 'ओरिजिनल मेडिकेयर पार्ट बी' की सदस्यता ले रखी हो।
जो लोग 'मेडिकेयर एडवांटेज' (Medicare Advantage) योजना का हिस्सा हैं, उन्हें इस 90 डॉलर की योजना से पूरी तरह बाहर रखा गया है। इसके अलावा जो लोग प्रीमियम के लिए मेडिकेड (Medicaid) से पहले ही सरकारी मदद ले रहे हैं, या पार्ट बी पर आमदनी के आधार पर लगने वाला अतिरिक्त शुल्क (IRMAA) भरते हैं, वे भी इस मदत के पात्र नहीं होंगे।
पात्र लोगों को इसके लिए अलग से कोई अर्जी देने की जरूरत नहीं है। रकम सीधे खाते में जमा होगी। जिनके बैंक खाते सरकारी व्यवस्था से सीधे जुड़े हैं, उनके खाते में करीब 8 अक्टूबर तक 90 डॉलर डायरेक्ट डिपॉजिट से पहुंच जाएंगे। जिनके पास डायरेक्ट डिपॉजिट की सुविधा नहीं है, उन्हें अक्टूबर के आखिरी हिस्से में डाक से रजिस्टर्ड पते पर चेक भेजा जाएगा।
ट्रम्प ने इस फैसले का ऐलान अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' (Truth Social) पर किया। आने वाले मिडटर्म चुनाव में बस कुछ हफ्ते बचे हैं, इसलिए सियासी गलियारों में इस पर खूब चर्चा हो रही है। 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' की रिपोर्ट के मुताबिक चुनाव से पहले ट्रम्प प्रशासन ने आर्थिक राहत की कई योजनाएं घोषित की हैं और यह उनमें से एक प्रमुख घोषणा मानी जा रही है।
इसके अलावा ट्रम्प ने 18 साल से ऊपर के हर अमेरिकी नागरिक को 5,000 डॉलर देने का एक अलग प्रस्ताव भी रखा है। इसे लागू करने के लिए अमेरिकी कांग्रेस (सीनेट और हाउस) की मंजूरी चाहिए होगी। साथ ही 'अफोर्डेबल केयर एक्ट' (Affordable Care Act) के तहत जिन्होंने ज्यादा पैसा भरा था, उन्हें 500 डॉलर लौटाने की प्रक्रिया भी अलग से शुरू की गई है। ये सभी योजनाएं 90 डॉलर वाली मेडिकेयर योजना से बिल्कुल अलग हैं।