टोयोटा ने सितंबर में बेचीं 28,218 गाड़ियां, जनवरी से सितंबर की बिक्री में 8% बढ़त
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने सितंबर 2026 में भारत और विदेश मिलाकर 28,218 वाहन बेचे।
Toyota Kirloskar Motor ने सितंबर 2026 में कुल 28,218 वाहनों की बिक्री दर्ज की है। इसमें भारत में बिके 25,027 यूनिट और 3,191 एक्सपोर्ट यूनिट शामिल हैं।
कंपनी के लिए इस साल के पहले 9 महीने भी अहम रहे। जनवरी से सितंबर के बीच उसकी कुल सेल 2,94,914 यूनिट तक पहुंच गई। जनवरी-सितंबर 2026 में टोयोटा की कुल बिक्री में 8% सालाना बढ़त दर्ज हुई है। यानी 9 महीने की बिक्री अब 3 लाख वाहनों के अहम पड़ाव के करीब आ गई है।
इस बढ़त में देश के बाजार का बड़ा हिस्सा रहा। जनवरी से सितंबर के बीच कंपनी ने भारत में 2,69,619 वाहन बेचे। पिछले साल इसी दौरान यह आंकड़ा 2,47,081 यूनिट था। इस तरह घरेलू बिक्री में 9% की बढ़त हुई। दूसरी तरफ 9 महीनों में 25,295 वाहन एक्सपोर्ट किए गए, जो पिछले साल के 25,743 यूनिट से 2% कम है।
टोयोटा के भारतीय पोर्टफोलियो में SUV और MPV मॉडल का बड़ा महत्व है। इनोवा हायक्रॉस, इनोवा क्रिस्टा, फॉर्च्यूनर और लेजेंडर का प्रोडक्शन भारत में होता है। कैमरी हाइब्रिड, अर्बन क्रूजर हायराइडर और हिलक्स भी कंपनी की लाइनअप में हैं। इनके अलावा ग्लैंजा, रूमियन और अर्बन क्रूजर टाइजर मॉडल भी कस्टमर्स के लिए उपलब्ध हैं।
आने वाले दिनों में पोर्टफोलियो में कुछ अहम अपडेट दिख सकते हैं। ग्लैंजा फेसलिफ्ट के अक्टूबर में आने की संभावना है, जबकि इनोवा हायक्रॉस फेसलिफ्ट 2027 की शुरुआत में आ सकती है। हायक्रॉस के अपडेटेड वर्जन में मौजूदा पेट्रोल और स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पावरट्रेन बने रहने की संभावना है।
टोयोटा के बिदादी, कर्नाटक में 2 प्रोडक्शन प्लांट हैं। दोनों प्लांट की मिलाकर सालाना प्रोडक्शन कैपेसिटी 3.42 लाख यूनिट तक है। जनवरी-सितंबर में करीब 2.95 लाख वाहन बिकने से कंपनी 2026 में 3 लाख यूनिट के पड़ाव के बिल्कुल करीब पहुंच गई है। अब साल के आखिरी 3 महीनों में टोयोटा की बिक्री यह पड़ाव पार करती है या नहीं, इस पर ऑटो मार्केट की नजर रहेगी।