सोनाक्षी सिन्हा के डीपफेक फोटो मामले में दिल्ली से पकड़े गए आर्यन जैन की रिहाई का आदेश
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
सोनाक्षी सिन्हा की शिकायत पर दिल्ली से गिरफ्तार आरोपी आर्यन दीपक जैन को वांद्रे कोर्ट ने छोड़ने को कहा। कोर्ट ने गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर सवाल उठाए और पुलिस की तीन दिन की कस्टडी की मांग ठुकरा दी।
अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा के अश्लील डीपफेक फोटो का मामला इन दिनों चर्चा में है। इस मामले में मुंबई पुलिस ने दिल्ली से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था, लेकिन वांद्रे कोर्ट ने उसकी रिहाई का आदेश दे दिया। कोर्ट ने पुलिस के गिरफ्तारी के तरीके पर भी सवाल खड़े किए।
सोनाक्षी ने वांद्रे पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके अश्लील डीपफेक फोटो सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे हैं। अभिनेत्री का आरोप था कि दिल्ली का एक व्यक्ति ये फोटो शेयर कर रहा है। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आर्यन दीपक जैन की पहचान की।
मुंबई पुलिस ने शनिवार सुबह दिल्ली के शाहदरा इलाके में, जगतपुरी पुलिस स्टेशन की सीमा से आर्यन को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे मुंबई लाकर वांद्रे कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने आरोपी की तीन दिन की कस्टडी मांगी थी। पुलिस ने कोर्ट को बताया कि सोनाक्षी के डीपफेक फोटो बनाने और सोशल मीडिया पर शेयर करने में जो इलेक्ट्रॉनिक उपकरण इस्तेमाल हुआ, उसे जब्त करना है।
सुनवाई के दौरान आर्यन के वकीलों ने गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर आपत्ति जताई। बचाव पक्ष का दावा था कि पुलिस ने आर्यन को जरूरी नोटिस नहीं दिया और गिरफ्तारी की वजह भी ठीक से नहीं बताई। वकीलों ने यह भी आरोप लगाया कि आर्यन को दिल्ली से मुंबई लाने से पहले वहां के नजदीकी मजिस्ट्रेट के सामने पेश नहीं किया गया था। आर्यन ने खुद भी कोर्ट में कहा कि वह बेकसूर है। उसने दावा किया कि उसने कुछ गलत नहीं किया और उस पर लगे आरोप बेबुनियाद हैं।
मजिस्ट्रेट ने पुलिस की प्रक्रिया पर नाराजगी जताई। कोर्ट ने साफ कहा कि आरोपी को सीधे दिल्ली से मुंबई की कोर्ट में लाने के बजाय नियम के मुताबिक पहले दिल्ली के नजदीकी मजिस्ट्रेट के सामने पेश करना जरूरी था। कोर्ट ने यह भी दर्ज किया कि इस नियम का पालन न करने की कोई वैध वजह पुलिस नहीं बता सकी।
कोर्ट ने यह भी याद दिलाया कि इस मामले में जिन अपराधों के आरोप हैं, उनमें अधिकतम सात साल की सजा का प्रावधान है। कोर्ट के मुताबिक जरूरी कानूनी प्रक्रिया का पालन किए बिना सिर्फ जांच के लिए किसी आरोपी को गिरफ्तार करना या हिरासत में रखना ठीक नहीं है।
इन्हीं वजहों से कोर्ट ने पुलिस की तीन दिन की कस्टडी की मांग खारिज कर दी और आर्यन को छोड़ने का आदेश दिया। अब सबकी नजर इस मामले की आगे की जांच पर है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।